Home » मध्य प्रदेश » खेत में घसीट ले गए कुत्ते, 6 साल के मासूम के सिर की चमड़ी नोची, इंदौर में हुई सर्जरी

खेत में घसीट ले गए कुत्ते, 6 साल के मासूम के सिर की चमड़ी नोची, इंदौर में हुई सर्जरी

Mp news: मध्य प्रदेश के खंडवा से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पांच आवारा कुत्तों के झुंड ने 6 साल के एक मासूम बच्चे पर हमला कर दिया। कुत्ते बच्चे को घसीटते हुए खेत में ले गए और उसके सिर को बुरी तरह नोच डाला। हमले में बच्चे के सिर की चमड़ी और बाल तक उखड़ गए। फिलहाल बच्चे का इंदौर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बुआ के घर गया था बच्चा

जानकारी के मुताबिक, भेरूखेड़ा गांव का रहने वाला अवि अपनी बुआ के घर सुरगांव जोशी गांव गया हुआ था। घटना 14 मई दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। बच्चा घर से बाहर शौच के लिए निकला था, तभी एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुछ ही सेकेंड में चार और कुत्ते वहां पहुंच गए और सभी ने मिलकर बच्चे को घसीटते हुए खेत में ले जाकर नोचना शुरू कर दिया।

Mp news: सिर की चमड़ी तक उखड़ गई

हमला इतना खतरनाक था कि बच्चे के सिर से बालों के साथ चमड़ी तक निकल गई। बच्चे की हालत देखकर परिजन और गांव वाले दहशत में आ गए। गंभीर हालत में पहले उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने तुरंत इंदौर रेफर कर दिया।

Mp news: बुजुर्ग ने बचाई मासूम की जान

बताया जा रहा है कि गांव के एक बुजुर्ग ने पत्थर मारकर किसी तरह कुत्तों को भगाया, जिसके बाद बच्चे की जान बच सकी। अगर कुछ मिनट और देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

अमेरिका से मंगवानी पड़ी सर्जरी की सामग्री

बच्चे के पिता अनिल पटेल ने बताया कि अवि काफी कमजोर है और उसके सिर की चमड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। डॉक्टरों ने सर्जरी के लिए विशेष मेडिकल सामग्री अमेरिका से मंगवाई। शनिवार को इंदौर के निजी अस्पताल में उसकी सर्जरी की गई। इलाज और ऑपरेशन में अब तक करीब 4 लाख रुपए खर्च हो चुके हैं।

40 दिन अस्पताल में रहेगा बच्चा

डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे को अभी लंबे इलाज की जरूरत होगी। उसे करीब 40 दिन तक अस्पताल में रखा जाएगा। साथ ही आगे प्लास्टिक सर्जरी कराने की भी सलाह दी गई है।

प्रशासन से उठी कार्रवाई की मांग

Mp news: घटना के बाद गांव वालों और परिजनों में भारी नाराजगी है। परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि गांवों में बढ़ रहे आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा हों।

 

 

ये भी पढ़ें:  Delhi में बढ़ते Fuel Crisis के बीच बड़ा कदम, प्राइवेट कंपनियों को Work From Home की सलाह