CJP Controversy: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) से जुड़े लोगों की गतिविधियों की CBI जांच कराने की मांग वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को तुरंत सुनवाई से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि फिलहाल मामले में ऐसी कोई आपात स्थिति नहीं है, जिस पर तत्काल हस्तक्षेप किया जाए।
CJI की टिप्पणी के बाद चर्चा में आई थी CJP
कॉकरोच जनता पार्टी एक डिजिटल और सोशल मीडिया आधारित प्लेटफॉर्म है, जो चीफ जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद चर्चा में आया था। CJI ने हाल ही में सुनवाई के दौरान कुछ बेरोजगार युवाओं की तुलना “कॉकरोच” से की थी, जिसके विरोध में यह अभियान शुरू हुआ। सोमवार दोपहर तक CJP के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 2.29 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके थे।
CJP Controversy: कोर्ट बोला- ‘इतनी भावुकता से मत लें’
सुप्रीम कोर्ट में एडवोकेट राजा चौधरी की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान वकील एनके गोस्वामी ने कहा कि CJP न्यायपालिका की छवि खराब कर रही है। इस पर चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस विपुल पंचोली की बेंच ने टिप्पणी करते हुए कहा, “इसे इतनी भावुकता से मत लें।”
CJP Controversy: फर्जी वकीलों और डिग्री की जांच की मांग
याचिका में आंदोलन से जुड़े कथित फर्जी अधिवक्ताओं और फर्जी लॉ डिग्रियों की जांच की मांग भी की गई है। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही के मौखिक बयानों के कथित कमर्शियल इस्तेमाल पर भी कार्रवाई की मांग की गई। हालांकि कोर्ट ने फिलहाल किसी तरह का तत्काल आदेश देने से इनकार कर दिया।
अभिजीत दीपके पहुंचे दिल्ली हाईकोर्ट
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने पार्टी का X अकाउंट ब्लॉक किए जाने के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। 21 मई को CJP का पुराना X अकाउंट बंद कर दिया गया था। उस समय उस अकाउंट पर करीब 1.93 लाख फॉलोअर्स थे। इसके बाद नया अकाउंट “Cockroach Is Back” नाम से बनाया गया, जिस पर अब 2.27 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं।
अभिजीत के घर के बाहर पुलिस तैनात
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में अभिजीत दीपके के घर के बाहर एहतियात के तौर पर पुलिस तैनात की गई है। डीसीपी पंकज अतुलकर ने कहा कि सोशल मीडिया पर CJP तेजी से ट्रेंड कर रहा है, इसलिए भीड़ जुटने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा बढ़ाई गई है। हालांकि पुलिस ने किसी आधिकारिक धमकी से इनकार किया है।
CJP की वेबसाइट अब भी बंद
अभिजीत दीपके ने 24 मई को दावा किया था कि उनकी पार्टी की वेबसाइट बंद कर दी गई है। उनके मुताबिक वेबसाइट पर 10 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था और 6 लाख लोगों ने NEET पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग वाली पिटीशन पर साइन किए थे। फिलहाल वेबसाइट खोलने पर “This Site Can’t Be Reached” का मैसेज दिखाई दे रहा है।
यह भी पढ़े : राष्ट्रपति मुर्मू ने 66 हस्तियों को दिए पद्म पुरस्कार, धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण








