Home » महाराष्ट्र » महाराष्ट्र में क्रिकेट खेलते-खेलते हुई थी 12 साल के गणेश की मौत, पिता ने जताया हत्या का शक

महाराष्ट्र में क्रिकेट खेलते-खेलते हुई थी 12 साल के गणेश की मौत, पिता ने जताया हत्या का शक

Maharashtra news: महाराष्ट्र के जलगांव जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को भावुक कर दिया है। 12 साल के मासूम गणेश नवल पाटिल की मौत को लेकर उसके पिता लगातार सवाल उठा रहे थे। उनका दावा है कि बेटे की मौत कोई हादसा नहीं बल्कि हत्या है। अब मौत के करीब ढाई महीने बाद प्रशासन ने गणेश के शव को कब्र से बाहर निकालकर दोबारा जांच शुरू कर दी है।

15 मार्च को हुई थी गणेश की मौत

धरनगांव तहसील के रेल गांव निवासी 12 वर्षीय गणेश नवल पाटिल की 15 मार्च 2026 को मौत हो गई थी। उस समय बताया गया था कि क्रिकेट खेलते वक्त उसकी तबीयत बिगड़ने से जान चली गई। हालांकि गणेश के पिता नवल पाटिल इस कहानी से कभी संतुष्ट नहीं हुए। उन्हें शुरू से ही बेटे की मौत पर शक था। पिता का आरोप है कि पुराने विवाद के चलते गणेश के एक दोस्त ने उसके सीने पर क्रिकेट बैट से हमला किया था, जिससे उसकी मौत हुई। इसी शक के आधार पर वह लगातार पुलिस और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे।

Maharashtra news: इंसाफ की लड़ाई के बाद कब्र से निकाला गया शव

करीब ढाई महीने तक अधिकारियों के चक्कर लगाने के बाद आखिरकार प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। फोरेंसिक विशेषज्ञों, पुलिस अधिकारियों और तहसीलदार की मौजूदगी में गणेश के शव को कब्र से बाहर निकाला गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई और पंचनामा तैयार किया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए धुले के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया।

Maharashtra news: बेटे का कंकाल देखकर टूट गए पिता

जिस बेटे को पिता ने 12 साल तक प्यार से पाला था, उसका कंकाल सामने आते ही नवल पाटिल खुद को संभाल नहीं सके। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार वह फूट-फूटकर रो पड़े और कुछ समय के लिए बेसुध हो गए। यह दृश्य वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर गया। परिवार को अब उम्मीद है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की असली वजह सामने आएगी और यदि किसी ने अपराध किया है तो उसे सजा मिलेगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजर

Maharashtra news: अब पूरे मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। क्या गणेश की मौत एक हादसा थी या फिर हत्या? इस सवाल का जवाब जानने के लिए परिवार के साथ-साथ पूरे जिले की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।

 

 

ये भी पढ़ें: दिल्ली होटल अग्निकांड: 21 मौतों के बाद खुली बड़ी पोल, 6 कमरों की अनुमति पर बना दिए 25 कमरे!