Mohali Office Murder: मोहाली के फेज-11 स्थित एसआरपी यूएस लॉजिस्टिक्स कंपनी में गुरुवार शाम करीब 6:15 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना हुई, जिसमें एकतरफा प्यार में पागल एक युवक ने अपनी सहकर्मी युवती पर चाकू से हमला कर दिया। इस अचानक हुई वारदात से पूरे ऑफिस परिसर में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया।
युवती की पहचान और दर्दनाक मौत
इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुई युवती की पहचान 29 वर्षीय डिंपल के रूप में हुई है। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
इस मामले में आरोपी की पहचान हरजिंदर सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पटियाला का रहने वाला है। वह और मृतका डिंपल दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे, जहां यह दर्दनाक घटना हुई।
एकतरफा प्यार से बढ़ा विवाद
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी डिंपल से एकतरफा प्यार करता था। घटना वाले दिन काम खत्म होने के बाद उसने डिंपल को रोककर बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन जब डिंपल ने बात करने से इनकार कर दिया, तो आरोपी गुस्से में आ गया और उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले से ही चाकू लेकर आया था। गुस्से और आवेश में उसने डिंपल पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल होकर डिंपल खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिर गई। यह पूरी घटना कुछ ही मिनटों में घटित हो गई, जिससे ऑफिस में मौजूद कर्मचारी दहशत में आ गए।

Mohali Office Murder: आरोपी ने खुद को भी घायल किया
वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से हमला कर लिया। दोनों को तुरंत लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया। वहीं आरोपी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही फेज-11 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और कंपनी के कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। फेज-11 थाना एसएचओ अमन बैदवान ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला एकतरफा प्यार से जुड़ा पाया गया है और आरोपी हरजिंदर सिंह के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
पोस्टमार्टम और आगे की प्रक्रिया
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मृतका डिंपल का शव उसके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। आरोपी के बयान और उसकी मेडिकल स्थिति में सुधार के बाद आगे की जांच तेज की जाएगी।
इस घटना के बाद कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि कंपनी में एंट्री के दौरान सख्त सुरक्षा जांच नहीं होती थी। ऐसे में आरोपी का चाकू लेकर परिसर के अंदर पहुंच जाना सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है। लोगों का मानना है कि यदि गेट पर ठीक से बैग चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था होती, तो शायद इस दर्दनाक घटना को रोका जा सकता था।
ये भी पढ़ें…यूपी धर्मांतरण नेटवर्क का बड़ा खुलासा: लखीमपुर में गुप्त चर्च और ब्रेनवॉश की चौंकाने वाली सच्चाई.








