PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के सूरत में ₹18 हजार करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी पिछले 12 वर्षों से देश में अराजकता और अनिश्चितता फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक की जनता भी कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति से नाराज है, जिसके कारण वहां मुख्यमंत्री बदलना पड़ा।
आत्मनिर्भर भारत का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि जो देश दूसरों पर निर्भर रहते हैं, वे कभी विकसित नहीं बन सकते। उन्होंने कहा कि कुछ निराशावादी लोगों ने वर्षों तक भारत को दूसरों पर निर्भर बनाए रखा और आज वही लोग आत्मनिर्भर भारत अभियान का मजाक उड़ा रहे हैं।
PM Modi: ऊर्जा संकट के बीच भारत की उपलब्धियां गिनाईं
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया ने पहले कोरोना महामारी और अब तेल, पेट्रोल तथा गैस आपूर्ति संकट जैसी चुनौतियों का सामना किया है। इसके बावजूद भारत 140 करोड़ देशवासियों के सहयोग से मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 12 वर्ष पहले देश में सौर ऊर्जा उत्पादन लगभग नगण्य था, जबकि आज भारत दुनिया के शीर्ष पांच सौर ऊर्जा उत्पादक देशों में शामिल है। इथेनॉल ब्लेंडिंग, गैस पाइपलाइन विस्तार और ऊर्जा क्षेत्र में किए गए सुधारों का भी उन्होंने उल्लेख किया।
PM Modi: गुजरात निकाय चुनाव में जीत पर भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई
प्रधानमंत्री ने गुजरात निकाय चुनावों में भाजपा की जीत पर कार्यकर्ताओं और जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक देशों में किसी राजनीतिक दल को इतने लंबे समय तक लगातार जनसमर्थन मिलना दुर्लभ है। यह भाजपा सरकार के विकास कार्यों का परिणाम है।
L&T रक्षा कॉम्प्लेक्स में देखा मेड इन इंडिया रक्षा उपकरण
सूरत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के आर्म्ड सिस्टम्स कॉम्प्लेक्स का भी दौरा किया। यहां उन्होंने मेड इन इंडिया टैंक, ड्रोन और अन्य आधुनिक रक्षा उपकरणों का अवलोकन किया। यह केंद्र सेना के लिए बख्तरबंद वाहन, तोप प्रणाली और अन्य सैन्य प्लेटफॉर्म के निर्माण और परीक्षण के लिए जाना जाता है।
दमन और लक्षद्वीप को भी मिलेगी विकास परियोजनाओं की सौगात
सूरत कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री दमन के लिए रवाना हुए, जहां वे ₹3,000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा दमन एयरपोर्ट का उद्घाटन तथा लक्षद्वीप में ₹885 करोड़ की बंदरगाह और पर्यटन परियोजनाओं का वर्चुअल शुभारंभ भी करेंगे।
सड़क और आधारभूत संरचना परियोजनाओं को मिली गति
प्रधानमंत्री ने सूरत में कई हाईवे, रेलवे पुल, फ्लाईओवर, छोटे-बड़े पुल और 70 अंडरपास का उद्घाटन किया। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ₹4,732 करोड़ लागत वाली चार प्रमुख सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया।








