Khan sir: फायरिंग मामले को लेकर चर्चा में चल रहे खान सर की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार को पटना स्थित उनके कोचिंग संस्थान Khan Global Studies में बिहार फायर सर्विस की ऑडिट टीम पहुंची और आग से सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान संस्थान में कई गंभीर कमियां सामने आई हैं।
पहले भी हो चुकी है जांच
बिहार फायर सर्विस के कमांडेंट Ritesh Kumar Pandey ने बताया कि 25 मई को भी कोचिंग संस्थान का निरीक्षण किया गया था। जांच में पाया गया था कि करीब 4000 वर्गमीटर क्षेत्र में फैली पांच मंजिला इमारत में कई जरूरी फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं किया गया है। इसके बाद 31 मई को संस्थान को नोटिस जारी कर सुधार के लिए 15 दिन का समय दिया गया था।
Khan sir: निरीक्षण में सामने आईं ये बड़ी कमियां
फायर विभाग की टीम को जांच के दौरान कई खामियां मिलीं। पांच मंजिला इमारत में केवल एक सीढ़ी पाई गई, जिसकी चौड़ाई भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थी। इसके अलावा भवन में आग लगने की स्थिति में अलर्ट देने वाला ऑटोमेटिक डिटेक्शन सिस्टम भी मौजूद नहीं मिला। विभाग की ओर से पहले पंप हाउस और 1.5 लाख लीटर क्षमता वाले अंडरग्राउंड वाटर टैंक की व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया था, लेकिन निरीक्षण में यह व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई।
Khan sir: विभाग ने दिया अंतिम मौका
फायर विभाग ने कोचिंग प्रबंधन को पर्याप्त संख्या में फायर एक्सटिंग्विशर लगाने और सभी सुरक्षा मानकों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संस्थान को सुधार के लिए अंतिम रूप से 7 से 10 दिन का समय दिया गया है। इसके बाद दोबारा समीक्षा की जाएगी।
छात्रों की सुरक्षा से नहीं होगा समझौता
Khan sir: अधिकारियों का कहना है कि कोचिंग संस्थान में हर दिन बड़ी संख्या में छात्र पढ़ने आते हैं, ऐसे में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह संस्थान का दूसरा फायर ऑडिट था और पहले निरीक्षण में दिए गए कई सुझावों पर अब तक संतोषजनक अमल नहीं किया गया है।
ये भी पढ़ें: चेरनोबिल परमाणु क्षेत्र पर रूसी ड्रोन हमला, विकिरण खतरे को लेकर बढ़ी चिंता








