Home » मध्य प्रदेश » भैंस की रस्सी में फंसा 4 साल का मासूम, 50 मीटर तक घसीटने से दर्दनाक मौत

भैंस की रस्सी में फंसा 4 साल का मासूम, 50 मीटर तक घसीटने से दर्दनाक मौत

Mp news: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लवकुशनगर थाना क्षेत्र की पठा चौकी अंतर्गत बम्होरी गांव में शुक्रवार को एक 4 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घर के बाहर खेल रहे बच्चे का पैर भैंस के गले में बंधी रस्सी में फंस गया। इसी दौरान भैंस अचानक बिदक गई और बच्चे को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। गंभीर चोटों के कारण मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घर के बाहर खेलते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक बम्होरी गांव निवासी सुनील अहिरवार का 4 वर्षीय पुत्र राजवीर अहिरवार घर के बाहर खेल रहा था। उसी समय गांव का एक व्यक्ति अपनी भैंस को गर्भाधान के लिए लेकर जा रहा था। बताया जा रहा है कि किसी कारण से भैंस अचानक बेकाबू होकर दौड़ने लगी। इसी दौरान खेल रहे राजवीर का पैर भैंस की रस्सी में उलझ गया। भैंस के तेज रफ्तार से भागने के कारण मासूम काफी दूर तक घसीटता चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने भैंस को रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक बच्चे को गंभीर चोटें लग चुकी थीं।

Mp news: अस्पताल पहुंचने से पहले ही चली गई जान

हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण तुरंत बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लवकुशनगर लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Mp news: कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू की। इस दौरान परिजनों ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने पहले कार्रवाई और बाद में पोस्टमार्टम कराने की बात कही। काफी समझाइश के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई: एसपी

Mp news: छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि शुरुआती जांच में यह एक दुर्घटना प्रतीत हो रही है। बच्चे का पैर भैंस की रस्सी में फंसने के कारण वह करीब 50 से 60 मीटर तक घिसट गया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। जांच के दौरान यदि किसी व्यक्ति की लापरवाही या जिम्मेदारी सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

 

ये भी पढ़े: नए सेना प्रमुख होंगे लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ, 30 जून से संभालेंगे आर्मी चीफ की जिम्मेदारी