Bihar Case: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुशहरी थाना क्षेत्र के गंगापुर भटौलिया नहर पुल के पास वाहन जांच के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश अमित सिंह के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
Bihar Case: पुलिस को देखकर भागने लगे संदिग्ध-
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 2:30 बजे भटौलिया बांध पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकने का संकेत दिया। पुलिस को देखकर दोनों तेजी से भागने लगे। पीछा करने के दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई।
Bihar Case: बदमाशों ने करी पुलिस टीम पर फायरिंग-
बाइक गिरने के बाद दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर अचानक जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बदमाशों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई, लेकिन उन्होंने लगातार गोलियां चलाईं। इस दौरान पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
जवाबी कार्रवाई में अमित सिंह के पैर में लगी गोली-
पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र निवासी अमित सिंह घायल हो गया। गोली उसके पैर में लगी। घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरा आरोपी इमरान मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में छापेमारी जारी है।
हत्या समेत चार मामलों में वांछित है अमित सिंह-
पुलिस के अनुसार, अमित सिंह मुशहरी के एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में आरोपी है। इसके अलावा उसके खिलाफ महुआ थाना में रंगदारी, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम से जुड़े कुल चार मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई भी की जा चुकी है।
घटनास्थल से हथियार और कारतूस बरामद-
मुठभेड़ के बाद एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अमित सिंह के पास से एक देशी पिस्टल, पांच खोखे और एक बाइक बरामद की है। अवैध हथियार रखने के मामले में उसके खिलाफ मुशहरी थाना में एक अलग प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।
फरार बदमाश की तलाश में छापेमारी जारी-
घटना की सूचना मिलते ही बेला और मुशहरी थाना प्रभारी, डीएसपी सकरा तथा ग्रामीण एसएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी इमरान की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
Written by- ADARSH KATHANE
यह भी पढ़ें- NEET परीक्षा के दिन वेस्टर्न रेलवे का बड़ा फैसला, नहीं होगा कोई ‘जंबो ब्लॉक’








