NEET Student Suicide: तमिलनाडु के कृष्णागिरि जिले में नीट-यूजी परीक्षा से पहले एक छात्र की कथित आत्महत्या का मामला सामने आया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, छात्र रविवार को होने वाली नीट परीक्षा को लेकर काफी तनाव में था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।मृतक छात्र की पहचान 20 वर्षीय वेत्रियानंदम के रूप में हुई है, जो कृष्णागिरि जिले के होसुर क्षेत्र का रहने वाला था। वह अपने परिवार का सबसे छोटा बेटा था। उसके पिता एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं।
बताया गया कि शनिवार दोपहर जब उसकी मां किसी काम से दुकान गई हुई थीं और पिता भी नौकरी के सिलसिले में घर से बाहर थे, तभी वेत्रियानंदम ने कथित रूप से घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परीक्षा में असफलता का डर बना तनाव की वजह
जानकारी के मुताबिक, वेत्रियानंदम पिछले तीन वर्षों से नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह पहले दी गई सभी परीक्षाओं में सफल नहीं हो पाया था। बताया जा रहा है कि इस बार भी परीक्षा में असफल होने की आशंका के कारण वह मानसिक दबाव में था और इसी वजह से तनाव का सामना कर रहा था।
पुलिस को घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें छात्र ने अपने माता-पिता के लिए भावुक बातें लिखी हैं। उसने अपने भाई और बहन के भविष्य को लेकर भी चिंता जताई है।नोट में छात्र ने लिखा कि वह पिछले एक महीने से नीट परीक्षा के डर के कारण ठीक से सो नहीं पा रहा था। उसने अपनी मां, पिता और बड़े भाई के नाम लिखे संदेश में कहा कि इस बार भी परीक्षा में असफल होने के डर से वह यह कदम उठा रहा है।

NEET Student Suicide: पुलिस कर रही है मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और छात्र की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।इससे पहले हैदराबाद में भी एक 19 वर्षीय छात्रा ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली थी। पुलिस के अनुसार, शेख सना नाम की छात्रा मियापुर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी।
सना के पिता शेख जाफर हुसैन कुवैत में काम करते हैं। वहीं, उसकी मां करीब 10 दिन पहले आंध्र प्रदेश के प्रोड्डटूर गई थीं। छात्रा घर पर रहकर परीक्षा की तैयारी कर रही थी।
पहले भी नहीं हो पाई थी सफल
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि सना ने पिछले वर्ष भी नीट परीक्षा दी थी, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी थी। इसके बाद उसने लंबे समय तक कोचिंग ली और पिछले महीने आयोजित परीक्षा में शामिल हुई थी। वह रविवार को होने वाली पुनः परीक्षा की तैयारी भी कर रही थी।बताया गया कि शनिवार सुबह नाश्ता करने के बाद सना अपने कमरे में चली गई थी। उसकी बहनों को लगा कि वह पढ़ाई कर रही है। हालांकि, जब वह शाम तक कमरे से बाहर नहीं आई तो उन्होंने दरवाजा खोला। अंदर सना फंदे से लटकी हुई मिली।
नोट में किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया
पुलिस के अनुसार, छात्रा ने दुपट्टे का इस्तेमाल कर फांसी लगाई थी। घटनास्थल से अंग्रेजी में लिखा एक नोट भी मिला, जिसमें उसने स्पष्ट रूप से लिखा था कि उसकी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाए।नीट जैसी प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं को लेकर छात्रों पर बढ़ता मानसिक दबाव एक गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। तमिलनाडु और हैदराबाद की ये दोनों घटनाएं परीक्षा से जुड़े तनाव और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को एक बार फिर उजागर करती हैं।
ये भी पढ़ें…‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में आलिया भट्ट और समय रैना की मजेदार नोकझोंक, दर्शकों को पसंद आया अंदाज








