BIHAR NEWS: बिहार के पटना जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में रविवार को गंगा नदी में स्नान के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे हेतनपुर गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। तीन परिवारों के इकलौते चिराग एक साथ बुझ जाने से गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्नान के दौरान गहरे पानी में समाए तीन बच्चे
जानकारी के अनुसार, हेतनपुर गांव के कई बच्चे रविवार सुबह गंगा नदी में स्नान करने के लिए घाट पर पहुंचे थे। स्नान के दौरान पीयूष कुमार, तेज कुमार और प्रिंस कुमार अचानक गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में डूबने लगे। साथ मौजूद बच्चों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी की तेज धारा के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को बाहर निकालकर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
BIHAR NEWS: गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
शाहपुर थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि तीनों मृतक हेतनपुर गांव के निवासी थे और उनकी उम्र 7 से 11 वर्ष के बीच थी। हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि तीनों बच्चे आपस में घनिष्ठ मित्र थे और हमेशा साथ खेलते-कूदते थे। किसी को अंदेशा नहीं था कि एक साथ तीन परिवारों पर ऐसा दुख टूट पड़ेगा।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे गए शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद तीनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। प्रशासन ने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधानों के तहत मृतक बच्चों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
ये भी पढ़े… ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में आलिया भट्ट और समय रैना की मजेदार नोकझोंक, दर्शकों को पसंद आया अंदाज








