Home » राष्ट्रीय » कूनो पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, चीता परियोजना की प्रगति का लिया जायजा

कूनो पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, चीता परियोजना की प्रगति का लिया जायजा

Kuno: कूनो पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मू, चीता परियोजना का जायजा

Kuno: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार को अपने दो दिवसीय प्रवास पर मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान पहुंचीं। भारतीय वायुसेना के विशेष एमआई-17 हेलीकॉप्टर से कूनो पहुंची राष्ट्रपति का हेलीपैड पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल और जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, कलेक्टर शीला दाहिमा, पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

चीता कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का किया भ्रमण

कूनो पहुंचने के बाद राष्ट्रपति ने सबसे पहले चीता कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का दौरा किया। यहां उन्होंने चीता पुनर्स्थापन परियोजना की प्रगति पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और वन विभाग के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने उन्हें चीतों की निगरानी, संरक्षण और उनके लिए किए जा रहे प्रबंधन कार्यों से अवगत कराया।

Kuno: देश में 52 चीतों की मौजूदगी की दी जानकारी

वन विभाग के अधिकारियों ने राष्ट्रपति को बताया कि वर्तमान में देश में कुल 52 चीते मौजूद हैं। इनमें से 49 चीते कूनो राष्ट्रीय उद्यान में हैं, जबकि तीन चीतों को मंदसौर स्थित गांधी सागर अभयारण्य में स्थानांतरित किया गया है। अधिकारियों ने चीतों की सुरक्षा के लिए अपनाई जा रही सैटेलाइट ट्रैकिंग व्यवस्था और अन्य तकनीकी उपायों की भी जानकारी दी।

Kuno: कूनो पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मू, चीता परियोजना का जायजा
                                                       कूनो पहुंच कर राष्ट्रपति मुर्मू ने चीता परियोजना का लिया जायजा

बोत्सवाना से लाए गए चीतों में दिखाई विशेष रुचि

राष्ट्रपति मुर्मू ने विशेष रूप से बोत्सवाना से भारत लाए गए चीतों की स्थिति और उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि चीतों के संरक्षण और उनके अनुकूल वातावरण के लिए जंगल में हर दो किलोमीटर की दूरी पर जल स्रोत विकसित किए गए हैं, जिससे गर्मी के मौसम में भी वन्यजीवों को पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके।

Kuno: कूनो में करेंगी रात्रि विश्राम

राष्ट्रपति अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान कूनो राष्ट्रीय उद्यान में ही रात्रि विश्राम करेंगी। इस दौरान वह चीता परियोजना की जमीनी प्रगति की समीक्षा करने के साथ वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा करेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए कूनो राष्ट्रीय उद्यान और पूरे श्योपुर जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

 

ये भी पढ़ें…पानी को लेकर पाकिस्तान की भारत को चेतावनी, रक्षा मंत्री बोले- जरूरत पड़ी तो जंग भी करेंगे