Hemant Khandelwal: भोपाल, 23 जून 2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार और तथ्यों से परे बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक दुर्भावना के चलते जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस लगातार प्रदेश में भ्रम और अविश्वास का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है, लेकिन उसके आरोपों में सच्चाई का कोई आधार नहीं है।
Hemant Khandelwal: भूमि संबंधी आरोपों पर स्पष्टीकरण
उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने शपथ-पत्र में अपने नाम पर 17 एकड़ भूमि का विवरण दिया था। वर्ष 2026 तक इस भूमि में किसी प्रकार का बदलाव नहीं हुआ है।इसी तरह मुख्यमंत्री की पत्नी सीमा यादव के नाम दर्ज 12.29 एकड़ भूमि में भी कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री के पुत्र वैभव यादव के नाम वर्ष 2023 से पहले जो 16 एकड़ भूमि थी, उसमें भी मुख्यमंत्री बनने के बाद किसी तरह की वृद्धि नहीं हुई है।उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सभी भूमि मास्टर प्लान लागू होने से पहले से ही उनके नाम पर दर्ज है।
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की पुत्रवधू शालिनी यादव ने वर्ष 2025 में 10 एकड़ भूमि खरीदी थी। यह भूमि मास्टर प्लान क्षेत्र के बाहर स्थित है और किसी विकसित या व्यावसायिक क्षेत्र का हिस्सा नहीं है।
रिश्तेदारों के कारोबार से मुख्यमंत्री का कोई संबंध नहीं
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रिश्तेदार अपने-अपने व्यवसाय और आर्थिक गतिविधियां स्वतंत्र रूप से संचालित करते हैं। उनके निजी कारोबार या लेन-देन को मुख्यमंत्री से जोड़ना पूरी तरह गलत और तथ्यहीन है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि उज्जैन मास्टर प्लान-2035 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्यमंत्री बनने से पहले ही लागू हो चुका था। यह मास्टर प्लान मई 2023 से प्रभावी है, जबकि डॉ. मोहन यादव ने 13 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री पद संभाला था।उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे यह आरोप कि मुख्यमंत्री बनने के बाद सड़कों, हाईवे या अन्य विकास योजनाओं को प्रभावित किया गया, पूरी तरह गलत हैं। सभी विकास कार्य निर्धारित मास्टर प्लान के अनुसार ही किए जा रहे हैं।
सिद्धिविनायक कंपनी को लेकर भी दी जानकारी
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस जिस सिद्धिविनायक कंपनी का उल्लेख कर रही है, उसके पास वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के समय लगभग 68 एकड़ भूमि थी, जो वर्तमान में घटकर करीब 65 एकड़ रह गई है।उन्होंने बताया कि डॉ. मोहन यादव वर्ष 2017 में ही इस कंपनी के निदेशक पद से इस्तीफा दे चुके थे। इसलिए कंपनी की वर्तमान गतिविधियों से उनका कोई संबंध नहीं है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने जिन रिश्तेदारों का अपने आरोपों में उल्लेख किया है, उनका मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव या उनके परिवार से कोई संबंध नहीं है। उनका अपना स्वतंत्र अस्तित्व और कार्यक्षेत्र है।उन्होंने कहा कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार कांग्रेस द्वारा प्रस्तुत तथ्यों में कई गंभीर विसंगतियां हैं। संबंधित व्यक्ति स्वयं अपना पक्ष रखते हुए आवश्यक कानूनी और अन्य कार्रवाई करेंगे।
मुख्यमंत्री की बढ़ती लोकप्रियता से परेशान कांग्रेस
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की लोकप्रियता और विकास केंद्रित नेतृत्व से कांग्रेस पूरी तरह परेशान है।उन्होंने कहा कि निवेश बढ़ाने, औद्योगिक विकास को गति देने, रोजगार के अवसर पैदा करने और मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए मुख्यमंत्री लगातार संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं।उनका कहना है कि विकास के मुद्दे पर मुकाबला नहीं कर पाने के कारण कांग्रेस अब दुष्प्रचार और राजनीतिक षड्यंत्र का सहारा ले रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह मध्यप्रदेश में भाजपा द्वारा पिछड़े वर्ग को दिए गए नेतृत्व और प्रतिनिधित्व को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब भी प्रदेश को पिछड़े वर्ग से कोई बड़ा नेता मिला, उसे कमजोर करने और बदनाम करने के प्रयास किए गए। चाहे पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती हों, शिवराज सिंह चौहान हों या वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।
कांग्रेस को दी खुली चुनौती
हेमंत खण्डेलवाल ने कांग्रेस नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि जनता के बीच विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर हार का सामना करने के बाद कांग्रेस अब झूठे आरोपों और दुष्प्रचार के जरिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा सरकार की छवि खराब करने का प्रयास कर रही है।उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता कांग्रेस की इस रणनीति को अच्छी तरह समझती है और आगामी चुनावों में इसका उचित जवाब देगी।
यह भी पढ़े…सुरों की मलिका अलका याग्निक को मिला पद्म भूषण, बोलीं- यह सम्मान मेरे हर चाहने वाले का है








