Home » मनोरंजन » सुरों की मलिका अलका याग्निक को मिला पद्म भूषण, बोलीं- यह सम्मान मेरे हर चाहने वाले का है

सुरों की मलिका अलका याग्निक को मिला पद्म भूषण, बोलीं- यह सम्मान मेरे हर चाहने वाले का है

अलका याग्निक को मिला पद्म भूषण सम्मान

Alka Yagnik: हिंदी सिनेमा की दिग्गज प्लेबैक सिंगर अलका याग्निक, जिन्हें प्यार से ‘सुरों की मलिका’ भी कहा जाता है, ने चार दशकों से ज्यादा समय तक बॉलीवुड संगीत की दुनिया में अपनी खास पहचान बनाई है। अपनी मधुर आवाज और शानदार गायकी से उन्होंने भारतीय संगीत जगत में एक अमिट छाप छोड़ी है।भारतीय संगीत में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए मंगलवार, 23 जून 2026 को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया।

हालांकि, इस खास मौके पर जब अलका याग्निक लंबे समय बाद सार्वजनिक रूप से नजर आईं, तो उनके फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हो गए। इसके बाद सिंगर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए अपनी स्वास्थ्य स्थिति और ठीक होने के सफर के बारे में जानकारी दी।

अलका याग्निक को मिला पद्म भूषण सम्मान
अलका याग्निक को मिला पद्म भूषण सम्मान

पद्म भूषण मिलने के बाद अलका याग्निक का भावुक संदेश

पद्म भूषण सम्मान प्राप्त करने के बाद अलका याग्निक ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल नोट साझा किया। इस पोस्ट में उन्होंने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं और बताया कि पिछले कुछ समय से वह किन स्वास्थ्य समस्याओं से गुजर रही थीं।उन्होंने अपने प्रशंसकों के प्यार, प्रार्थनाओं और लगातार समर्थन के लिए आभार जताया। अलका ने लिखा कि पिछले दो सालों से वह लाइमलाइट से दूर थीं और लोगों के बीच ज्यादा दिखाई नहीं दे रही थीं।उन्होंने बताया कि उनके कई प्रशंसकों को पता था कि वह स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों का सामना कर रही थीं। इस मुश्किल समय में फैंस के संदेश, दुआएं और प्यार उनके लिए बहुत बड़ी ताकत बने।उन्होंने लिखा कि जब वह देश के सबसे बड़े नागरिक सम्मानों में से एक पद्म भूषण ग्रहण करने के लिए बाहर आईं, तो उनका दिल बेहद कृतज्ञता और खुशी से भरा हुआ था।

Alka Yagnik: सम्मान को बताया पूरे सफर का हिस्सा

अलका याग्निक ने पद्म भूषण मिलने को अपने लिए बेहद सम्मान और विनम्रता का पल बताया। उन्होंने कहा कि भले ही यह पुरस्कार उनके नाम से जुड़ा है, लेकिन यह उन सभी लोगों का भी सम्मान है जिन्होंने उनकी आवाज को पसंद किया, उनके गानों को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाया और उन्हें कई पीढ़ियों तक पहुंचाया।उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनके काम की पहचान नहीं है, बल्कि यह उस प्यार, उम्मीद और हिम्मत की भी याद दिलाता है, जिसने उन्हें जीवन के कठिन दौर में आगे बढ़ने की ताकत दी।

अपने संदेश में उन्होंने लिखा कि वह धीरे-धीरे अपनी सामान्य जिंदगी की ओर लौट रही हैं और इस खास पल का हिस्सा बनना चाहती थीं। यह पल सिर्फ उनके लिए नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के लिए खास है जो उनके सफर का हिस्सा रहे हैं।उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्रालय और भारत सरकार का इस सम्मान के लिए दिल से धन्यवाद किया।

Alka Yagnik:  अलका याग्निक को मिला पद्म भूषण सम्मान
अलका याग्निक को मिला पद्म भूषण सम्मान

गंभीर बीमारी से गुजर रही थीं अलका याग्निक

साल 2024 में अलका याग्निक ने अपने फैंस को बताया था कि वह एक दुर्लभ बीमारी से जूझ रही हैं। उन्होंने खुलासा किया था कि उन्हें ‘सेंसरी नर्व हियरिंग लॉस’ (Sensorineural Hearing Loss) नाम की समस्या हुई थी, जो एक वायरल संक्रमण के कारण पैदा हुई थी।

इस बीमारी के चलते उन्हें लंबे समय तक सार्वजनिक कार्यक्रमों और लाइमलाइट से दूरी बनानी पड़ी। उनकी इस स्वास्थ्य समस्या के कारण उनके फैंस भी काफी चिंतित हो गए थे।अलका याग्निक की आवाज आखिरी बार निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ में सुनाई दी थी। अपनी आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाली अलका अब धीरे-धीरे अपने स्वास्थ्य सुधार की ओर बढ़ रही हैं।

यह भी पढ़े…मुंबई में बारिश का रेड अलर्ट, अंधेरी सब-वे बंद, राजस्थान में 41% ज्यादा बारिश, MP-UP में मानसून जल्द.