Home » उत्तर प्रदेश » Emergency से लेकर Akshaya Patra Kitchen तक… संतकबीर नगर और गोरखपुर में CM योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना

Emergency से लेकर Akshaya Patra Kitchen तक… संतकबीर नगर और गोरखपुर में CM योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना

Cm yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को संतकबीर नगर और गोरखपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जहां आपातकाल को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला, वहीं विकास परियोजनाओं और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। संतकबीर नगर में उन्होंने 475 करोड़ रुपये की 139 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, जबकि गोरखपुर में अक्षय पात्र किचन का उद्घाटन कर बच्चों को अपने हाथों से खीर परोसी।

आपातकाल को लेकर कांग्रेस-सपा पर हमला

संतकबीर नगर के बंसवारी गांव स्थित प्राचीन बैजूनाथ धाम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल ने लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया था। उन्होंने कहा कि उस समय अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और मुलायम सिंह यादव जैसे नेताओं को जेल में डाल दिया गया था। योगी ने सवाल उठाया कि आज राहुल गांधी और अखिलेश यादव किस आधार पर संविधान की बात करते हैं, जबकि संविधान को सबसे बड़ा नुकसान उन्हीं की राजनीतिक विचारधारा ने पहुंचाया था।

Cm yogi: 2024 चुनाव में संविधान को लेकर लोगों को किया गया गुमराह: योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान विपक्षी दल संविधान की प्रतियां लेकर जनता को भ्रमित कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के संविधान का सम्मान और गरीबों के अधिकारों की रक्षा भाजपा सरकार ने की है। योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने गरीबों को घर, किसानों को योजनाओं का लाभ और युवाओं को रोजगार देने का काम किया है।

भ्रष्टाचारियों की सरकार जनता का हक छीनती है

जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि जब ईमानदार सरकार होती है तो विकास कार्य तेजी से होते हैं, लेकिन भ्रष्टाचारियों की सरकार जनता के अधिकारों पर डाका डालती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में किसानों की समस्याओं की अनदेखी हुई, महिलाओं की सुरक्षा प्रभावित हुई और विकास कार्य रुक गए। वहीं वर्तमान सरकार ने पूर्वांचल के पिछड़े इलाकों को सड़क, शिक्षा और रोजगार से जोड़ने का काम किया है।

Cm yogi: मगहर की बदली तस्वीर का किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने संतकबीर नगर के मगहर का उल्लेख करते हुए कहा कि कभी यहां मरना अपशकुन माना जाता था, लेकिन आज यह क्षेत्र विकास की नई पहचान बन चुका है। उन्होंने बताया कि मगहर में ऑडिटोरियम, अकादमी और अन्य विकास परियोजनाएं शुरू की गई हैं। साथ ही गोरखपुर के औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ने के कारण स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं।

शिक्षा और तकनीकी संस्थानों के विस्तार पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों में पहले डिग्री कॉलेज, पॉलिटेक्निक और आईटीआई जैसे संस्थान नहीं थे, वहां अब नए शिक्षण संस्थान खोले जा रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को तकनीकी और उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

Cm yogi: बैजूनाथ धाम में पूजा-अर्चना, गोशाला में खिलाया चारा

संतकबीर नगर पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी ने सबसे पहले बाबा बैजूनाथ धाम में भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने गोशाला में पशुओं को चारा खिलाया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उन्हें भगवान शिव और हनुमान जी की प्रतिमाएं भेंट कर सम्मानित किया।

गोरखपुर में अक्षय पात्र किचन का उद्घाटन

गोरखपुर दौरे में मुख्यमंत्री योगी ने अक्षय पात्र फाउंडेशन के अत्याधुनिक किचन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने परिषदीय विद्यालय के बच्चों को अपने हाथों से खीर परोसी और भोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया। करीब तीन एकड़ क्षेत्र में बने इस किचन में हर घंटे 40 हजार रोटियां तैयार की जा सकेंगी। आधुनिक स्टीम तकनीक की मदद से मात्र 15 मिनट में 1200 किलो चावल पकाने की क्षमता भी यहां मौजूद है।

Cm yogi: रोज एक लाख बच्चों तक पहुंचेगा भोजन

मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले चरण में 50 हजार बच्चों को और बाद में प्रतिदिन लगभग एक लाख बच्चों को मिड-डे मील उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भोजन की गुणवत्ता का सबसे महत्वपूर्ण आधार उसकी स्वच्छता है। स्वच्छ और पौष्टिक भोजन बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाता है।

अधिकारियों को दिए खास निर्देश

Cm yogi: नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और शिक्षकों को निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे। सभी विद्यार्थियों को समय पर बैग, यूनिफॉर्म और जूते उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता में लगातार सुधार हुआ है और परीक्षा से लेकर परिणाम तक की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी और तेज हुई है।

 

 

ये भी पढ़ें: पान-गुटखा के दाग रोकने के लिए रेलवे का नया प्रयोग, लेकिन क्या 5 लाख की ‘जर्मन तकनीक’ बदल पाएगी लोगों की आदत?