Lucknow: भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बाबा बागेश्वर के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि राम मंदिर ट्रस्ट की जिम्मेदारी सनातन धर्म पर श्रद्धा रखने वाले लोगों को ही दी जानी चाहिए। किसान नेता राकेश टिकैत ने तंज किया कि हम लोग तो बेकार में ही परेशान हो रहे हैं। बाबा बागेश्वर पर्चा निकालकर वैसे भी सब कुछ बता देते हैं, तो वो भला क्यों नहीं राम मंदिर के चढ़ावा चोरी में शामिल आरोपियों के बारे में बता देते हैं। वह एक बार सब कुछ बता दें, तो पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी। बेवजह पुलिस-प्रशासन परेशान हो रहा है।
मामले में राजनीतिक रंग न दिया जाए
किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि पुलिस प्रशासन अपना काम कर रहा है। लिहाजा इसे किसी भी मामले में राजनीतिक रंग नहीं देना चाहिए। आपको हर धर्म में ऐसे लोग मिल जाते हैं, जो चंदा चोरी जैसी गतिविधियों में शामिल रहते हैं। यहां तक की आपको हमारे संगठन में भी कई लोग पर्ची काटते हुए मिल जाएंगे और कई बार यह पकड़ में नहीं आते हैं। इस तरह के लोग आपको हर जगह मिल जाएंगे। चंदा फिर दे देंगे, कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन, जिसने चुराया है, उसे उसके किए की सजा मिली है। अब इस मामले को बहुत दिन हो चुके हैं। अब पुलिस प्रशासन को पूरे मामले की जांच करने दीजिए। पुलिस प्रशासन बिना किसी के दबाव में काम कर रही है।
Lucknow: पेट्रोल लेकर अयोध्या न जाएं राजनेता
अयोध्या में राजनेताओं के जाने पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर कहीं पर आग लग रही है, तो आप वहां कैसे जाएंगे। आप पानी लेकर जाएंगे या पेट्रोल। जाहिर सी बात है कि पानी लेकर जाएंगे। मौजूदा समय में जिस तरह राजनेता अयोध्या में दाखिल हो रहे हैं, उससे लग रहा है कि वो वहां पर पेट्रोल लेकर दाखिल हो रहे हैं। मेरा तो यही कहना है कि अभी आप लोग शांत रहिए। पहले इस मामले में शामिल चोरों को चिन्हित करके उन्हें पकड़ लिया जाए। इसके बाद ही आगे की तस्वीर साफ होगी।
Lucknow: ओवैसी पर दी ये प्रतिक्रिया…
राकेश टिकैत ने असदुद्दीन ओवैसी के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर राम मंदिर ट्रस्ट में कोई मुस्लिम होता, तो अब तक उसका एनकाउंटर हो जाता। इस पर राकेश टिकैत ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि क्या वक्फ बोर्ड की संपत्ति नहीं बेची गई। अब इस मामले को ज्यादा तूल देने की जरूरत नहीं है। मुद्दा साफ है कि जिसने चोरी की है, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। एसआईटी पूरे मामले की जांच कर रही है।
Lucknow: फ्री ट्रेड डील पर भी बात रखी
किसान नेता ने भारत और अमेरिका के बीच हुए फ्री ट्रेड डील पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच होने वाला फ्री ट्रेड एग्रीमेंट सीधे तौर पर अमेरिका की ओर से डिक्लेरेशन था, जिसका डेलिगेशन भी भारत में आया था। दो तीन दिन तक भारत में भी रहा, लेकिन अभी तक दोनों के बीच किसी भी प्रकार का समझौता नहीं हुआ, क्योंकि यहां किसान और किसान संगठनों का दबाव सरकार पर रहा है। इसे लेकर हमने भी धरने प्रदर्शन किए, क्योंकि इससे उनका माल जीरो ड्यूटी पर आएगा और हमारे माल को वहां भेजने के लिए 18 फीसद ड्यूटी देनी होगी। अभी वो समझौता नहीं हुआ है। अब अगर समझौता होगा, तो हम अगले ही दिन इसे लेकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
राकेश टिकैत के मुताबिक, किसानों के बीच बिजली की भी समस्या है। एक और समस्या आ चुकी है, जिसे स्मार्ट मीटर कहा जा सकता है। वो भी एक बड़ी बीमारी है।
ये भी पढ़ें…पश्चिमी यूपी की सियासत साधने में जुटे जयंत चौधरी, चुनाव से पहले संसदीय दल का किया गठन








