Up Election: भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। लखनऊ में आयोजित बैठकों के दौरान उन्होंने संगठन को एकजुट रहने, सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और विपक्ष को किसी भी तरह का राजनीतिक अवसर नहीं देने का आह्वान किया।
योगी सरकार की उपलब्धियों के दम पर चुनाव की तैयारी
लखनऊ के ताज होटल में पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक में नितिन नवीन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बेहतर कार्य कर रही है। उन्होंने सभी नेताओं से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और इन्हीं कार्यों के आधार पर वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पार्टी को जनता का विश्वास बनाए रखना होगा।
Up Election: पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के अनुभव का मिलेगा लाभ
बैठक में नितिन नवीन ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के राजनीतिक अनुभव पर चर्चा की और संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह से पूर्व प्रदेश अध्यक्षों को संगठनात्मक जिम्मेदारियां देने का सुझाव भी दिया। बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
विपक्ष को मुद्दा न देने की सलाह
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नेताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि संगठन और सरकार के खिलाफ किसी भी प्रकार की सार्वजनिक बयानबाजी से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार सरकार और संगठन के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है, इसलिए सभी नेताओं को संयमित रहकर पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करना होगा।
Up Election: जनता के बीच जाकर जीतना होगा विश्वास
इससे पहले पार्टी मुख्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में नितिन नवीन ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 का अभियान शुरू हो चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि केवल बड़े कार्यक्रमों से चुनाव नहीं जीते जाते, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करना ही सबसे प्रभावी रणनीति है। उन्होंने आपसी मतभेद भुलाकर विपक्ष के खिलाफ एकजुट होकर चुनावी तैयारी करने का आह्वान किया।
ये भी पढ़ें…UP Home Guard Bharti 2026: पीएसटी के मानक जारी, 1.07 लाख अभ्यर्थी पीईटी और डीवी में होंगे शामिल








