Mental Health Tips : जब दूसरों को खुश करते-करते हम खुद को भूल जाते हैं। आज के समय में अधिकांश लोग अपनी व्यक्तिगत इच्छाओं और सामाजिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रहे हैं। परिवार की अपेक्षाएं, दोस्तों का दबाव, कार्यस्थल की जिम्मेदारियां और समाज की बनाई हुई धारणाएं अक्सर हमें ऐसी परिस्थितियों में डाल देती हैं, जहां हमारा मन ‘ना’ कहने का होता है, लेकिन हम मजबूरी, अपराधबोध या रिश्तों को बचाने के लिए ‘हाँ’ कह देते हैं।

धीरे-धीरे यह आदत मानसिक तनाव, भावनात्मक थकान और आत्मविश्वास में कमी का कारण बन सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि सही समय पर ‘ना’ कहना स्वार्थ नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य, आत्म-सम्मान और स्वस्थ रिश्तों के लिए एक आवश्यक कौशल है।
Mental Health Tips
हम में से ज्यादातर लोग कई बार सिर्फ इसलिए ‘हाँ’ बोल देते हैं क्योंकि हमें डर होता है कि कहीं सामने वाला बुरा न मान जाए, रिश्ते खराब न हो जाएं या लोग हमें स्वार्थी न समझने लगें।कई रिसर्च भी बताती हैं कि बड़ी संख्या में लोग सिर्फ दूसरों को खुश रखने के लिए अपनी पसंद और मानसिक शांति से समझौता कर लेते हैं। इसका असर धीरे-धीरे तनाव, थकान, चिड़चिड़ेपन और यहां तक कि बर्नआउट तक पहुंच सकता है, लेकिन सवाल यह है कि ‘ना’ कहें कैसे?विशेषज्ञों का मानना है कि ‘ना’ कहना बदतमीजी नहीं, बल्कि अपनी सीमाओं को समझना और उनका सम्मान करना है।
मुश्किल लगता है ‘ना’ कहना?
‘ना’ कहते समय हमें न तो गुस्सा करने की जरूरत है और न ही लंबी सफाई देने की। हम आराम से कह सकते हैं, “अभी मेरे लिए यह संभव नहीं है”, “मुझे थोड़ा समय चाहिए” या “इस वक्त मैं यह जिम्मेदारी नहीं ले पाऊंगा/पाऊंगी”। जब हम सम्मान के साथ अपनी बात रखते हैं, तो सामने वाला भी अक्सर उसे समझता है। जिंदगी में हर किसी को खुश करना शायद कभी संभव नहीं होगा। लेकिन खुद को हर बार नजरअंदाज करना भी कोई समाधान नहीं है। सही समय पर कहा गया एक छोटा सा ‘ना’ हमें मानसिक शांति, आत्मसम्मान और बेहतर रिश्तों की ओर ले जा सकता है।
आखिरकार, जिंदगी सिर्फ दूसरों की उम्मीदों को पूरा करने का नाम नहीं है, बल्कि अपनी खुशियों, अपने सपनों और अपनी सीमाओं का सम्मान करने का नाम भी है। इसलिए अगली बार जब आपका मन किसी बात के लिए ‘ना’ कहे, तो उसे सुनने से डरिए मत। कई बार जिंदगी की सबसे बड़ी ताकत किसी को ‘हाँ’ कहने में नहीं, बल्कि सही समय पर खुद के लिए ‘ना’ कहने में होती है।
Written By : Mahi








