Home » महाराष्ट्र » महाराष्ट्र बारिश से भूस्खलन में 1 की मौत, 2 लापता, रेड अलर्ट के बीच सियासत भी तेज

महाराष्ट्र बारिश से भूस्खलन में 1 की मौत, 2 लापता, रेड अलर्ट के बीच सियासत भी तेज

Mumbai rain: महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मुंबई, पुणे, पालघर और रायगढ़ समेत कई जिलों में बाढ़, जलभराव और भूस्खलन जैसी घटनाओं से हालात गंभीर बने हुए हैं। पिछले कुछ दिनों में बारिश से जुड़े हादसों में एक दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। वहीं मुंबई में रेड अलर्ट के चलते स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।

पुणे में भूस्खलन, एक की मौत, दो लोग लापता

पुणे जिले की मावल तहसील के पाटन गांव में सोमवार तड़के भारी बारिश के कारण भूस्खलन हो गया। मलबा एक घर पर गिरने से उसमें रह रहे तीन लोग दब गए। एनडीआरएफ ने अब तक एक व्यक्ति का शव बरामद कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, गांव में तीन अलग-अलग जगहों पर भूस्खलन हुआ। राहत और बचाव अभियान में एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार जुटी हुई हैं।

Mumbai rain: बस में फंसे 37 यात्रियों को सुरक्षित निकाला

इसी बीच मावल तहसील के घोरावाडी रेलवे स्टेशन के पास जलभराव में फंसी एक निजी बस से एनडीआरएफ ने 37 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते रेस्क्यू होने से बड़ा हादसा टल गया।

Mumbai rain: मुंबई में रेड अलर्ट, स्कूल-कॉलेज बंद

मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव, पेड़ गिरने और दीवारें ढहने की घटनाएं सामने आई हैं। बीएमसी के अनुसार, विक्रोली, मालवणी, बोरीवली, चिंचोली और डिंडोशी समेत कई इलाकों में 200 से 250 मिलीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए मुंबई में रेड अलर्ट जारी किया है। दोपहर में 4.16 मीटर ऊंची हाई टाइड की भी आशंका जताई गई है। एहतियात के तौर पर मुंबई और एमएमआर क्षेत्र के सभी स्कूल-कॉलेज बंद रखे गए हैं, जबकि कई सरकारी कार्यालयों में ऑनलाइन कामकाज किया जा रहा है।

विधानसभा की कार्यवाही भी प्रभावित

भारी बारिश का असर महाराष्ट्र विधानसभा के मॉनसून सत्र पर भी देखने को मिला। कई मंत्री और विधायक समय पर सदन नहीं पहुंच पाए, जिसके चलते कोरम पूरा नहीं हो सका और विधानसभा की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित करनी पड़ी। वहीं मुंबई-पुणे मिसिंग लिंक परियोजना में चट्टान खिसकने और टनल में पानी रिसने की घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।

Mumbai rain: विपक्ष ने सरकार को घेरा

कांग्रेस नेता नाना पटोले ने सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि पहली ही बड़ी बारिश में मिसिंग लिंक परियोजना की पोल खुल गई। कांग्रेस विधायक अमीन पटेल ने पेड़ गिरने, जलभराव और अन्य हादसों के लिए सरकार और बीएमसी को जिम्मेदार ठहराया। शिवसेना (यूबीटी) के नेता भास्कर जाधव और एनसीपी (शरद पवार गुट) के नेता जितेंद्र आव्हाड ने भी परियोजना की गुणवत्ता और सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाए।

सरकार ने आरोपों को किया खारिज

बीजेपी नेता और राज्य मंत्री मेघना बोर्डीकर ने विपक्ष के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि यह एक अभूतपूर्व प्राकृतिक आपदा है और सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में काम कर रही है। बीजेपी नेता राम कदम ने कहा कि मुंबई एक आइलैंड सिटी है और हाई टाइड के दौरान जल निकासी प्रभावित होना सामान्य बात है। वहीं सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि जहां लापरवाही होगी वहां कार्रवाई होगी, लेकिन प्राकृतिक आपदा के लिए सरकार को पूरी तरह जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है। सरकार में शामिल एनसीपी विधायक सना मलिक ने भी माना कि प्रशासन को जमीनी स्तर पर और बेहतर काम करने की जरूरत है, हालांकि राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

फिलहाल क्या हैं हालात?

Mumbai rain: फिलहाल मुंबई और आसपास के इलाकों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार से बारिश की तीव्रता कुछ कम हो सकती है और रेड अलर्ट की जगह येलो अलर्ट जारी किया जा सकता है। हालांकि प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है

 

 

यह भी पढ़ें: राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक शुरू, चंपत राय और अनिल मिश्रा को हटाने पर लग सकती है मुहर