Pune Building Collapse: महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम (पीसीएमसी) क्षेत्र में बुधवार को एक निर्माणाधीन इमारत अचानक ढह गई। हादसे के बाद मौके पर बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। बचाव कार्य को तेज करने के लिए भारतीय सेना की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।जानकारी के मुताबिक, दक्षिणी कमान (सदर्न कमांड) की ओर से एक संयुक्त टास्क फोर्स को घटनास्थल पर भेजा गया है। इस टीम में सेना के इंजीनियरिंग विशेषज्ञ, मेडिकल अधिकारी और राहत कार्य में प्रशिक्षित जवान शामिल हैं।सेना की इंजीनियर टास्क फोर्स और रिलीफ कॉलम, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), पुलिस, दमकल विभाग और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर बचाव अभियान चला रहे हैं।
23 लोगों के फंसे होने की आशंका
यह हादसा पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम के मोशी कचरा डिपो परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इमारत गिरने के समय करीब 23 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका थी।अब तक 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इनमें से 5 लोग खुद ही बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि 7 लोगों को रेस्क्यू टीम ने मलबे से सुरक्षित निकाला। वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Pune Building Collapse: हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
इमारत गिरने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग, एनडीआरएफ और अन्य बचाव एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। सेना की टीम के जुड़ने के बाद राहत और बचाव अभियान को और तेज किया गया है।इस बीच, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने राहत एवं पुनर्वास विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीता वेद सिंघल, पिंपरी-चिंचवड़ नगर आयुक्त विजयकुमार सूर्यवंशी और पुलिस आयुक्त विनयकुमार चौबे से बात कर राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकाला जाए और घायलों को तुरंत बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उपमुख्यमंत्री के निर्देश पर ही भारतीय सेना को भी इस रेस्क्यू अभियान में शामिल किया गया।
भारी बारिश के बीच बढ़े हादसे
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में पिछले कई दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) के अनुसार, 1 जून से अब तक बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में राज्य में 62 लोगों की जान जा चुकी है।
ये भी पढ़ें…ईरान पर अमेरिका का सबसे बड़ा हमला: 10 जगह धमाके, रेलवे ब्रिज उड़ाया, मिसाइल ठिकाने तबाह








