Ganga Expressway: गंगा एक्सप्रेसवे पर जलालाबाद के पीरू गांव स्थित 3.5 किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी के आसपास मानसूनी बारिश के कारण मिट्टी का कटाव देखने को मिला है। एयरस्ट्रिप के दोनों ओर कई जगह मिट्टी खिसकने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। हालांकि, यूपी एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEDA) ने एयरस्ट्रिप और एक्सप्रेसवे को पूरी तरह सुरक्षित बताया है। दैनिक जागरण की पड़ताल में जलालाबाद से लेकर बदायूं की ओर कई स्थानों पर एक्सप्रेसवे के किनारों की मिट्टी बहने की स्थिति सामने आई। अतिवरा, झरार हरिहरपुर, पीरू, लसुहना और दियूरा गांव के पास बारिश के तेज बहाव से मिट्टी का कटान हुआ है।
Ganga Expressway: SDM ने दिए मरम्मत के निर्देश-
ग्रामीणों द्वारा मिट्टी खिसकने के वीडियो सामने आने के बाद एसडीएम प्रभात राय ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने कार्यकारी संस्था एचजी इंफ्रा को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए, लेकिन देर शाम तक काम शुरू नहीं हो सका।
Ganga Expressway: UPEDA का दावा- एयरस्ट्रिप पूरी तरह सुरक्षित-
UPEDA के अधिकारियों का कहना है कि यह बारिश के दौरान होने वाली सामान्य प्रक्रिया है। एयरस्ट्रिप के दोनों ओर बनी 15-15 मीटर चौड़ी सुरक्षा पटरी की ऊपरी मिट्टी पानी के बहाव से हटी है, जबकि मुख्य रनवे और एक्सप्रेसवे की संरचना पूरी तरह सुरक्षित है।
बारिश के बाद फिर होगा मिट्टी का भराव-
अधिकारियों के मुताबिक, प्रभावित हिस्सों में दोबारा मिट्टी का भराव कराया जाएगा। बारिश के बाद घास जमने से मिट्टी मजबूत होगी और भविष्य में कटान की संभावना कम हो जाएगी।
हाल ही में हुआ था एक्सप्रेसवे का उद्घाटन-
मेरठ-प्रयागराज गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 29 अप्रैल को हुआ था। जलालाबाद में बनी 3.5 किलोमीटर लंबी एयरस्ट्रिप पर पहले भी लड़ाकू और अन्य विमानों की सफल लैंडिंग और टेकऑफ का अभ्यास किया जा चुका है।
यह भी पढ़ें- म्यांमार के शरणार्थी से पासपोर्ट मांगने पर हाई कोर्ट का DU से सवाल








