Riya Ahir NEET: NEET पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ मुंबई के शिवाजी पार्क में हुए प्रदर्शन के दौरान वायरल हुई 27 वर्षीय रिया अहीर की तस्वीर एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह उनकी पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत है। रिया ने सोशल मीडिया पर कथित ऑनलाइन बुलिंग और उन्हें बदनाम करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ मुंबई के एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।
लेडी सिंघम बता रहे लोग
प्रदर्शन के दौरान सामने आई एक तस्वीर में रिया अहीर पुलिस की वैन के सामने हाथ उठाकर खड़ी नजर आई थीं। तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई, जिसके बाद कई लोगों ने उन्हें ‘शेरनी’ और ‘लेडी सिंघम’ जैसे नामों से संबोधित किया। हालांकि, वायरल होने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और आपत्तिजनक टिप्पणियों का भी सामना करना पड़ा। रिया अहीर ने बताया कि उनका किसी राजनीतिक दल, छात्र संगठन या प्रदर्शनकारी समूह से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि मुंबई में यह उनका पहला प्रदर्शन था। उनके मुताबिक, वह दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलनों को सोशल मीडिया पर देख रही थीं और उसी से प्रेरित होकर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं।
Riya Ahir NEET: पुलिस वैन के सामने क्यों खड़ी हुईं?
रिया के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान पुलिस कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर वैन में बैठा रही थी। उन्होंने देखा कि महिलाओं सहित कई लोगों को एक साथ ले जाया जा रहा है। रिया का कहना है कि उन्होंने पहले एक महिला को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद वह पुलिस वैन के सामने जाकर खड़ी हो गईं। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने कई बार गाड़ी का इंजन तेज कर उन्हें हटाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जगह पर डटी रहीं। बाद में अन्य प्रदर्शनकारी भी उनके साथ आकर खड़े हो गए। इसी दौरान किसी ने उनकी तस्वीर खींच ली, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।

शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ जताया विरोध
रिया का कहना है कि उनका विरोध केवल NEET पेपर लीक तक सीमित नहीं था, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र को लेकर था। उन्होंने बताया कि वह अपनी साइकोलॉजी की पढ़ाई पूरी नहीं कर सकीं। फिलहाल वह मुंबई यूनिवर्सिटी से डिस्टेंस मोड में इंग्लिश लिटरेचर की पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फीस जमा करने के बावजूद विश्वविद्यालय की ओर से समय पर कोई जवाब नहीं मिलता और छात्रों की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता। रिया ने बताया कि वह पिछले 13 वर्षों से थिएटर और एक्टिंग के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इसके अलावा उन्होंने ‘रियासत’ नाम से एक स्टार्टअप शुरू किया है, जो स्थानीय कारीगरों को खरीदारों से जोड़ने का काम करता है। उन्होंने बताया कि उनके पिता भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में सेवा दे चुके हैं और परिवार के कई सदस्य सेना से जुड़े रहे हैं। रिया का मानना है कि इसी पारिवारिक पृष्ठभूमि ने उन्हें साहस और आत्मविश्वास दिया।
Riya Ahir NEET: ट्रोलिंग के खिलाफ शिकायत, लोगों से की अपील
रिया अहीर ने कहा कि तस्वीर वायरल होने के बाद उन्हें ऑनलाइन बुलिंग और बदनाम करने की कोशिशों का सामना करना पड़ा। उन्होंने लोगों, खासकर महिलाओं से अपील की कि यदि उनके साथ भी ऐसा हो तो स्क्रीनशॉट और अन्य सबूत सुरक्षित रखें तथा साइबर पोर्टल या संबंधित पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं। जब उनसे पूछा गया कि क्या ट्रोल करने वाले किसी राजनीतिक दल या आईटी सेल से जुड़े हैं, तो उन्होंने इस पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि वह ऐसे लोगों को महत्व नहीं देना चाहतीं। उनके अनुसार, कानून अपना काम करेगा और वह अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं।
अखिलेश यादव ने जताया समर्थन
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर रिया अहीर का समर्थन किया। उन्होंने लिखा कि जिसने अकेले ही रोक दिया एक हाथ से जुल्म का सफर, नादान हैं जो सोचते हैं होगा उस पर धमकियों का असर। रिया के साथ पूरा देश है। शुक्रिया रिया।
ये भी पढ़े… कांवड़ यात्रा में नेमप्लेट का समर्थन कर बोली साध्वी प्राची, ‘नाम आरिफ और ‘ ढाबा लक्ष्मीजी’ ऐसा नहीं चलेगा’








