Farmer MSP Scheme: मध्य प्रदेश सरकार ने मूंग उत्पादक किसानों को बड़ी राहत दी है। किसान संगठनों के साथ हुई बातचीत के बाद सरकार ने फैसला किया है कि अब किसानों से उनकी मूंग की 25 प्रतिशत नहीं, बल्कि 60 प्रतिशत उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी जाएगी। इसके साथ ही खाद वितरण के लिए लागू की गई ई-टोकन व्यवस्था को भी तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है।
किसानों की समस्याओं पर हुई बैठक
किसानों की मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक मंत्री समूह बनाया था। इस समूह की किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बुधवार देर रात बैठक हुई। बैठक में किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना ने बताया कि भारत सरकार ने इस वर्ष ग्रीष्मकालीन मूंग खरीद के लिए मध्य प्रदेश को 4.52 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य दिया था। केंद्र सरकार की योजना के अनुसार राज्य के कुल उत्पादन का अधिकतम 25 प्रतिशत हिस्सा ही न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जा सकता था। इसी नियम के आधार पर पहले किसानों से केवल 25 प्रतिशत उपज खरीदने का निर्णय लिया गया था।
अब 60% उपज खरीदी जाएगी
कृषि मंत्री ने कहा कि किसान प्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चा के बाद सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब हर पात्र किसान से उसकी मूंग की 60 प्रतिशत उपज MSP पर खरीदी जाएगी। नर्मदापुरम, सीहोर और हरदा जैसे जिलों में यह औसतन करीब 3 क्विंटल प्रति एकड़ के बराबर है। यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।सरकार ने किसानों की सुविधा को देखते हुए स्लॉट बुकिंग की अवधि भी बढ़ा दी है। अब किसान 30 जुलाई की बजाय 10 अगस्त तक स्लॉट बुक कर सकेंगे। वहीं मूंग उपार्जन की अंतिम तारीख भी 10 अगस्त से बढ़ाकर 20 अगस्त कर दी गई है।
ई-टोकन व्यवस्था फिलहाल स्थगित
खाद वितरण के लिए लागू की गई ई-टोकन व्यवस्था को लेकर किसानों की शिकायतों और व्यावहारिक दिक्कतों को देखते हुए सरकार ने इसे फिलहाल स्थगित कर दिया है।सरकार ने कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति बनाने का भी फैसला किया है। यह समिति ई-टोकन व्यवस्था से जुड़ी सभी समस्याओं की जांच करेगी और अपनी सिफारिशें राज्य सरकार को सौंपेगी। समिति की रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक सुधार जल्द लागू किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें….बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए अनोखी श्रद्धा, 413 दिनों से दंडवत यात्रा कर काजीगुंड पहुंचा यूपी का श्रद्धालु








