PM CARES Controversy: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और उसके संस्थापक अभिजीत दीपके को लेकर दायर आरटीआई शिकायत पर पार्टी की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई है। एक आरटीआई कार्यकर्ता द्वारा सीजेपी की फंडिंग और अभिजीत दीपके के परिवार की आर्थिक स्थिति की जांच की मांग किए जाने के बाद सीजेपी ने पलटवार करते हुए पीएम केयर्स (PM CARES) फंड की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं।
अभिजीत दीपके ने क्या कहा?
अभिजीत दीपके ने कहा कि उनकी विदेश में पढ़ाई बोस्टन यूनिवर्सिटी से मिली छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) और शिक्षा ऋण (एजुकेशन लोन) के जरिए पूरी हुई थी। उन्होंने बताया कि लिया गया शिक्षा ऋण अब चुकाया जा चुका है। सीजेपी की फंडिंग को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी क्राउडफंडिंग के जरिए धन जुटाती है और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी है।
PM CARES Controversy: पीएम केयर्स फंड पर सीजेपी का तंज
सीजेपी की प्रवक्ता वैष्णवी गौड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि यदि एक निजी व्यक्ति की पढ़ाई के खर्च की जांच की मांग की जा रही है, तो पीएम केयर्स (PM CARES) फंड की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, “मोदी जी आपको माफ कर देंगे, चिंता न करें।”
क्या है पूरा मामला?
सूरत के एक आरटीआई कार्यकर्ता ने निर्वाचन आयोग और संबंधित एजेंसियों से शिकायत कर सीजेपी की फंडिंग की जांच की मांग की है। शिकायत में दावा किया गया है कि सीजेपी एक गैर-पंजीकृत संगठन होते हुए भी राजनीतिक गतिविधियां चला रही है और उसे कथित तौर पर 1 करोड़ रुपये की फंडिंग मिलने की घोषणा की गई है। शिकायतकर्ता ने यह भी मांग की है कि जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 29A के तहत मामले की जांच की जाए।
PM CARES Controversy: आधिकारिक जांच का इंतजार
फिलहाल शिकायत पर संबंधित एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक कार्रवाई या निष्कर्ष सामने नहीं आया है। सीजेपी ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए अपनी फंडिंग प्रक्रिया को पारदर्शी बताया है।
ये भी पढ़े… बांकीपुर में प्रशांत किशोर 6011 वोट से आगे, दतिया में कांग्रेस ने बनाई बढ़त; मंजलपुर में BJP की जीत लगभग तय








