Home » झारखंड » झारखंड में छात्रों के विधानसभा कूच से पहले सुरक्षा कड़ी, धारा 163 लागू, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

झारखंड में छात्रों के विधानसभा कूच से पहले सुरक्षा कड़ी, धारा 163 लागू, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

झारखंड में छात्र मार्च से पहले सुरक्षा कड़ी

JPSC Student Protest: झारखंड में JPSC और JSCC परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। बड़ी संख्या में छात्र रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में डटे हुए हैं। सरकार के साथ तीन चरणों में हुई बातचीत का कोई ठोस नतीजा नहीं निकलने के बाद छात्रों ने अब झारखंड विधानसभा का घेराव करने का फैसला किया है।

छात्रों का विधानसभा मार्च आज सुबह 10 बजे शुरू होगा। आंदोलन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। विधानसभा के आसपास कई स्तरों पर सुरक्षा घेरा बनाया गया है। रास्तों पर कंटीले तार लगाकर बैरिकेडिंग की गई है, ताकि प्रदर्शनकारियों को विधानसभा परिसर की ओर बढ़ने से रोका जा सके।छात्रों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी सभी प्रमुख मांगों पर समाधान नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

रांची प्रशासन ने छात्रों से की शांति बनाए रखने की अपील

रांची जिला प्रशासन ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से अपील की है कि वे विधानसभा मार्च के दौरान किसी भी तरह के उग्र प्रदर्शन का हिस्सा न बनें। प्रशासन ने हिंसा या किसी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।वहीं, रविवार आधी रात से जमशेदपुर में भी निषेधाज्ञा यानी धारा 163 लागू कर दी गई है।दूसरी ओर, प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया है कि झारखंड के अलग-अलग इलाकों से रांची पहुंचने वाले सैकड़ों छात्रों को पुलिस बलपूर्वक रोक रही है।

JPSC Student Protest:  झारखंड में छात्र मार्च से पहले सुरक्षा कड़ी
झारखंड में छात्र मार्च से पहले सुरक्षा कड़ी
तीसरे दौर की बातचीत में नहीं बनी पूरी सहमति

रविवार को छात्रों और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच तीसरे दौर की बातचीत हुई। यह बैठक पांच घंटे से ज्यादा समय तक चली। सरकार ने छात्रों की कई महत्वपूर्ण मांगों को मानने की सहमति जताई और आंदोलन खत्म कराने की कोशिश की।सरकार 14वीं JPSC परीक्षा को रद्द करने और पूरे मामले की जांच कराने के लिए तैयार है। इसके अलावा छात्रों की कुछ अन्य मांगों पर भी सरकार ने सहमति जताई है।हालांकि, CBI जांच सहित कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पाई। इन्हीं मुद्दों के कारण बातचीत का अंतिम समाधान नहीं निकल सका और छात्रों ने आंदोलन जारी रखने का फैसला किया।

विधानसभा मार्च को लेकर पुलिस अलर्ट

छात्रों के प्रस्तावित विधानसभा मार्च को देखते हुए पुलिस प्रशासन को पूरी तरह सतर्क कर दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) मनोज कौशिक ने कहा कि मार्च के दौरान अशांति की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।उन्होंने छात्रों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से मार्च निकालने की अपील की। एडीजी ने कहा कि पिछले दो सप्ताह से ज्यादा समय से चल रहे प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने अनुशासन बनाए रखा है।

मनोज कौशिक ने यह भी कहा कि मार्च को शांतिपूर्ण बनाए रखना छात्रों की जिम्मेदारी है। उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई असामाजिक तत्व या उपद्रव करने वाला व्यक्ति आंदोलन में शामिल न हो।

ये भी पढ़ें…मथुरा में 6 दिसंबर की कारसेवा पर विवाद, साजिद रशीदी ने जताई आपत्ति