Home » Breaking News » मीराबाई चानू की आंखों में आंसू देख भावुक हुए PM मोदी, बोले- ‘हर बूंद में गोल्ड मेडल दिख रहा था’

मीराबाई चानू की आंखों में आंसू देख भावुक हुए PM मोदी, बोले- ‘हर बूंद में गोल्ड मेडल दिख रहा था’

PM Modi on Mirabai: स्कॉटलैंड के ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में देश के लिए पदक जीतकर लौटे भारतीय खिलाड़ियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने आवास पर मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी ने लगातार तीसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय वेटलिफ्टर मीराबाई चानू के प्रदर्शन की जमकर सराहना की।

मीराबाई के आंसुओं पर पीएम मोदी ने कही दिल छू लेने वाली बात

गोल्ड मेडल जीतने के बाद मीराबाई चानू पोडियम पर भावुक हो गई थीं और अपने आंसुओं को रोक नहीं सकी थीं। प्रधानमंत्री मोदी ने इसी पल का जिक्र करते हुए उनसे पूछा कि वह क्यों रो रही थीं। पीएम ने कहा, “इतने आंसू टपक रहे थे कि मुझे लगता है कि हर आंसू की बूंद से गोल्ड मेडल टपक रहा हो।”

PM Modi on Mirabai: ‘पेरिस ओलंपिक के बाद इस जीत ने भावुक कर दिया’

मीराबाई चानू ने प्रधानमंत्री को बताया कि वह गोल्ड मेडल जीतने के बाद बेहद खुश और भावुक थीं। उन्होंने कहा कि पेरिस ओलंपिक में उनका मेडल सिर्फ एक किलो से रह गया था। चार साल के लंबे दौर में उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

‘चार साल तक इंजरी और पारिवारिक परेशानियों से जूझी’

मीराबाई ने कहा कि एक खिलाड़ी के तौर पर कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इन चार वर्षों के दौरान लगातार इंजरी की समस्या रही और परिवार में भी परेशानियां थीं। उन्होंने कहा कि इन सभी परिस्थितियों के बीच उन्होंने काफी संघर्ष किया।

PM Modi on Mirabai: ‘नेशनल एंथम बजा तो खुद को रोक नहीं सकी’

भारतीय वेटलिफ्टर ने कहा कि जब वह पोडियम पर खड़ी थीं और राष्ट्रगान बजा, तो वह खुद को रोक नहीं सकीं। उन्होंने कहा कि देश का झंडा ऊपर देखकर भावनाएं अपने आप बाहर आ जाती हैं और आंखों से आंसू निकल आते हैं।

भारत ने जीते कुल 39 पदक

मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स में लगातार तीसरी बार गोल्ड मेडल जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। वह यह कारनामा करने वाली दुनिया की पहली वेटलिफ्टर बनीं। उन्होंने 48 किलोग्राम वर्ग में कुल 190 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। भारत ने प्रतियोगिता में 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज समेत कुल 39 पदक अपने नाम किए।

ये भी पढ़े… ‘कांवड़ सिर्फ आस्था नहीं, सामाजिक एकता और सेवा का महापर्व’, CM योगी ने दिया समाज को बड़ा संदेश