UP POLITICS: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे से अधिक समय तक बातचीत हुई। इस मुलाकात को आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों और प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
चुनावी रणनीति और राजनीतिक हालात पर चर्चा
मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारियों, मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और सामाजिक समीकरणों पर चर्चा होने की संभावना है। केशव मौर्य ने प्रदेश की राजनीतिक स्थिति को लेकर अमित शाह को फीडबैक दिया और चुनावी तैयारियों के संबंध में मार्गदर्शन लिया।
UP POLITICS: जंतर-मंतर आंदोलन और युवा वोटरों पर भी नजर
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की ओर से युवाओं और जेन-Z मतदाताओं को साधने की कोशिशों के जवाब में भाजपा की रणनीति पर भी चर्चा हुई। प्रयागराज में राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रम से पहले केशव मौर्य ने भी छात्रों से संवाद किया था। ऐसे में छात्र राजनीति और युवा मतदाताओं से जुड़े मुद्दे भी चर्चा का हिस्सा माने जा रहे हैं।
विकास योजनाओं की भी दी जानकारी
उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, ग्रामीण विकास, आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी भी गृह मंत्री को दी। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया जा रहा है।
UP POLITICS: पांच दिन में दूसरी बड़ी दिल्ली मुलाकात
केशव मौर्य की अमित शाह से यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की थी। इसके अलावा केशव मौर्य इससे पहले 3 जून को प्रधानमंत्री मोदी और 9 जुलाई को अमित शाह से मुलाकात कर चुके हैं। लगातार हो रही इन बैठकों ने उत्तर प्रदेश की सियासत में चर्चाओं को तेज कर दिया है।
मुलाकात के बाद केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट कर मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने अमित शाह का समय देने के लिए आभार भी जताया।
ये भी पढ़े… पाक फिर बेनकाब! शेख रशीद का बड़ा कबूलनामा! हाफिज सईद को बताया फॉलोवर, भारत को धमकी क्यों?








