Sukhbir Singh Badal: शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड में जानलेवा हमला किया गया। इस हमले में उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। घटना के बाद सुखबीर सिंह बादल को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
धारदार हथियार से किया हमला
जानकारी के मुताबिक, एक हमलावर ने सुखबीर सिंह बादल को धारदार हथियार से निशाना बनाने की कोशिश की। इस दौरान उनके हाथ में चोट लग गई। हमले के बाद भी सुखबीर सिंह बादल अपने पैरों पर चलते हुए अस्पताल के अंदर पहुंचे।उनके साथ कई समर्थक भी अस्पताल पहुंचे। इससे पहले बुधवार को सुखबीर सिंह बादल अपने परिवार के साथ तख्त श्री पटना साहिब गए थे। इसके बाद वे नांदेड पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वह बुधवार रात ही नांदेड पहुंचे थे।
निहंग सिंह पर हमले का आरोप
सूत्रों के अनुसार, मौके पर घूम रहे एक निहंग सिंह ने सुखबीर सिंह बादल पर हमला किया। अकाली दल से जुड़े लोगों का कहना है कि इस घटना में फिलहाल एक ही व्यक्ति के शामिल होने की बात सामने आई है।सूत्रों के मुताबिक, हमलावर ने कृपाण से बादल पर वार करने की कोशिश की। जैसे ही उसने सुखबीर सिंह बादल को निशाना बनाया, उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी तुरंत बीच में आ गया। सुरक्षाकर्मी ने हमलावर को रोककर बादल को बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज देख रही है। इसका उद्देश्य हमलावर की पहचान करने के साथ-साथ यह पता लगाना है कि हमला किस तरह और किन परिस्थितियों में हुआ।फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हमलावर से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
पहले भी हो चुका है जानलेवा हमला
सुखबीर सिंह बादल पर इस तरह का हमला पहले भी हो चुका है। 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में भी उनकी हत्या की कोशिश की गई थी। उस समय सुखबीर सिंह बादल धार्मिक प्रार्थना में शामिल थे।इसी दौरान एक बंदूकधारी ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की। हालांकि, गोली उन्हें लगने के बजाय दीवार पर जा लगी। इस घटना में सुखबीर सिंह बादल को कोई चोट नहीं आई थी।गोली चलने के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को पकड़ लिया था। इस वजह से सुखबीर सिंह बादल सुरक्षित बच गए थे।नांदेड में हुए ताजा हमले के बाद एक बार फिर उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े- N Chandrasekaran के बाद कौन संभालेगा Tata Group की कमान? TV Narendran का नाम चर्चा में








