STUDENTS PROTEST NEWS: जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के विरोध में रांची में छात्रों का आंदोलन 23वें दिन भी जारी है। छात्रों ने रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ पुतला दहन करने का ऐलान किया है।
23 दिन से जारी है छात्रों का आंदोलन
प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि पिछले 22 दिनों से वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। छात्रों का कहना है कि अब आंदोलन का स्वरूप बदलने का फैसला लिया गया है।
STUDENTS PROTEST NEWS: 18 अगस्त तक का दिया अल्टीमेटम
छात्रों ने सरकार को 18 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि यदि तब तक उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार नहीं किया गया तो 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। छात्रों ने दावा किया कि इस दौरान प्रदेशभर से बड़ी संख्या में छात्र रांची पहुंचेंगे।
JMM के साथ कांग्रेस को भी ठहराया जिम्मेदार
आंदोलनकारी छात्रों ने झारखंड की सत्तारूढ़ जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन सरकार को निशाने पर लिया है। छात्र रविंद्र कुमार पासवान ने कहा कि झारखंड में जितनी जिम्मेदारी जेएमएम की है, उतनी ही कांग्रेस की भी है। छात्रों का आरोप है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी समर्थन का आश्वासन तो देते हैं, लेकिन उनकी पार्टी सरकार में शामिल होने के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं कर रही है।
STUDENTS PROTEST NEWS: राहुल गांधी के आश्वासन पर उठाए सवाल
रविंद्र कुमार पासवान ने कहा कि राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के जरिए छात्रों के साथ खड़े होने की बात कही थी, लेकिन वह आश्वासन अब तक सिर्फ आश्वासन ही रह गया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि राहुल गांधी छात्रों के मुद्दे के समर्थन में हैं तो कांग्रेस के मंत्री और नेता सरकार पर दबाव क्यों नहीं बना रहे हैं।
‘अब आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे’
छात्र नेता ने कहा कि सरकार की अनदेखी से छात्रों में काफी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि छात्र अब अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
STUDENTS PROTEST NEWS: पुतला दहन के बाद बढ़ सकती है सियासी गर्मी
छात्रों के मुख्यमंत्री और राहुल गांधी के पुतला दहन के ऐलान से आंदोलन का राजनीतिक रंग और गहरा सकता है। वहीं, 20 अगस्त को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव को लेकर भी प्रशासन की चुनौती बढ़ने की संभावना है। छात्रों की मांगों और सरकार की प्रतिक्रिया पर अब आंदोलन की अगली दिशा निर्भर करेगी।
ये भी पढ़े… अटल जी की 8वीं पुण्यतिथि पर देश ने किया नमन, ‘सदैव अटल’ पहुंचकर PM मोदी समेत दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि








