Home » मध्य प्रदेश » चंबल में बीच धार बंद हुआ स्टीमर, तेज बहाव में बहा, 100 से ज्यादा लोगों की जान खतरे में

चंबल में बीच धार बंद हुआ स्टीमर, तेज बहाव में बहा, 100 से ज्यादा लोगों की जान खतरे में

चंबल में बीच धार स्टीमर खराब, 100 यात्री खतरे में

Chambal River: मुरैना की चंबल नदी में यात्रियों को एक घाट से दूसरे घाट तक ले जा रहा स्टीमर अचानक बीच नदी में खराब हो गया। स्टीमर पानी के तेज बहाव के साथ बहता जा रहा है। इसमें 100 से ज्यादा यात्री सवार हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9:30 बजे यह स्टीमर यात्रियों को नदी पार करा रहा था। इसी दौरान वह बीच धार में अचानक बंद हो गया। काफी कोशिश के बाद भी स्टीमर को दोबारा चालू नहीं किया जा सका। इसके बाद तेज बहाव के कारण वह मुरैना जिले की सीमा से आगे निकलकर भिंड और उत्तर प्रदेश की सीमा की तरफ बहने लगा।

50 से ज्यादा दोपहिया वाहन भी मौजूद

स्टीमर में 100 से अधिक यात्रियों के अलावा 50 से ज्यादा दोपहिया वाहन भी लदे हुए हैं। ऐसे में यात्रियों के साथ-साथ इन वाहनों के बहने का भी खतरा बना हुआ है।बताया गया है कि स्टीमर मुरैना जिले के नगरा साहसपुरा घाट से उत्तर प्रदेश के केला घाट की ओर जा रहा था। नगरा घाट से रवाना होने के बाद जब वह चंबल नदी की बीच धार में पहुंचा, तभी अचानक उसका इंजन बंद हो गया।

ठीक करने की कोशिश हुई, लेकिन नहीं चला स्टीमर

स्टीमर का संचालन कर रहे लोगों ने खराबी दूर करने और उसे दोबारा शुरू करने की कोशिश की। हालांकि, उनकी कोशिश कामयाब नहीं हो सकी। इसके बाद स्टीमर नदी के तेज बहाव के साथ आगे की ओर बहने लगा।स्टीमर में मौजूद कुछ यात्रियों ने फोन के जरिए अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्टीमर नदी के बहाव के साथ लगातार आगे बढ़ रहा है। इस खबर के बाद यात्रियों के परिवारों में भी डर और चिंता का माहौल बन गया है।

डीजल खत्म होने की भी चर्चा

स्टीमर के इंजन के अचानक बंद होने की वजह को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि स्टीमर में डीजल खत्म हो जाने के कारण इंजन बंद हुआ है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।फिलहाल स्टीमर में सवार 100 से ज्यादा यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। तेज बहाव के कारण स्टीमर मुरैना की सीमा से आगे भिंड और उत्तर प्रदेश की सीमा की ओर पहुंच गया है।

यह भी पढ़े- बुलेट ट्रेन के स्टेशनों ने पकड़ी रफ्तार, मुंबई के बीकेसी और सूरत से सामने आईं निर्माण की ताजा तस्वीरें