CM Bhupendra Patel: गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट-2027 की तैयारियों को लेकर अमेरिका और कनाडा के दौरे पर रवाना हुए हैं। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री दोनों देशों के निवेशकों और इंडस्ट्री से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य गुजरात में विदेशी निवेश को बढ़ावा देना है।
अधिकारियों और उद्योग जगत का प्रतिनिधिमंडल साथ
मुख्यमंत्री के साथ इस विदेश दौरे पर राज्य के वरिष्ठ अधिकारी और उद्योग-व्यापार जगत का एक प्रतिनिधिमंडल भी गया है। इसमें चीफ सेक्रेटरी एम.के. दास, फाइनेंस डिपार्टमेंट के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी टी. नटराजन, इंडस्ट्रीज एंड माइन्स डिपार्टमेंट की एडिशनल चीफ सेक्रेटरी ममता वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रिंसिपल सेक्रेटरी संजीव कुमार और एडिशनल प्रिंसिपल सेक्रेटरी डॉ. विक्रांत पांडे शामिल हैं।
चार प्रमुख शहरों में होंगी बैठकें
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में गुजरात का प्रतिनिधिमंडल अमेरिका के वाशिंगटन डीसी, न्यूयॉर्क और सैन फ्रांसिस्को के साथ-साथ कनाडा के टोरंटोका दौरा करेगा।इन शहरों में अलग-अलग उद्योग निवेशकों, उभरते टेक्नोलॉजी सेक्टर के लीडर्स और गुजराती समुदाय के लोगों के साथ राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस और वन-टू-वन मीटिंग्स आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों के जरिए गुजरात की विकास यात्रा और राज्य में निवेश की संभावनाओं को वैश्विक स्तर पर सामने रखा जाएगा।

समिट में शामिल होने का न्योता
विदेश दौरे के दौरान निवेशकों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित लोगों को जनवरी 2027 में आयोजित होने वाले वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया जाएगा।गुजरात सरकार का उद्देश्य इन मुलाकातों के जरिए राज्य में नए निवेश और औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं को मजबूत करना है।मुख्यमंत्री के विदेश दौरे के लिए अहमदाबाद एयरपोर्ट से रवाना होने के समय कलेक्टर भव्य वर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को उनकी सफल विदेश यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
सीएमओ ने एक्स पर दी जानकारी
गुजरात मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी मुख्यमंत्री के दौरे की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। सीएमओ की ओर से बताया गया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल रविवार सुबह अहमदाबाद एयरपोर्ट से वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट-2027 के सिलसिले में अमेरिका और कनाडा की यात्रा के लिए रवाना हुए।सीएमओ के अनुसार, मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गुजरात का प्रतिनिधिमंडल अमेरिका और कनाडा में विभिन्न औद्योगिक निवेशकों, उभरते टेक्नोलॉजी सेक्टर के नेताओं और गुजराती समुदायों के साथ राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस तथा आमने-सामने की बैठकें करेगा।इन बैठकों का मकसद गुजरात के वैश्विक विकास की जानकारी दुनिया के सामने रखना और जनवरी 2027 में होने वाले वाइब्रेंट गुजरात समिट में शामिल होने के लिए संबंधित लोगों को आमंत्रित करना है।
यह भी पढ़े- बीरभूम में TMC को बड़ा झटका! पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी का पार्टी दफ्तर में मिला शव








