UGC NET: राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने UGC-NET जून 2026 से जुड़ा अहम फैसला लिया है। इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। इन तीनों विषयों के प्रश्न-पत्रों में तथ्यात्मक, टाइपिंग, अनुवाद और व्याकरण से जुड़ी कई खामियां सामने आने के बाद यह निर्णय लिया गया है। NTA ने स्पष्ट किया है कि दोबारा परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
प्रश्न-पत्रों में मिलीं कई तरह की खामियां
NTA के अनुसार, तीनों विषयों के प्रश्न-पत्रों की समीक्षा के दौरान कई गलतियां सामने आईं। इनमें भाषा संबंधी त्रुटियों के अलावा विद्वानों के नाम और किताबों के शीर्षक गलत लिखे जाने, प्रश्नों के दोहराव और कुछ स्थापित अवधारणाओं के लिए गैर-मानक शब्दों के इस्तेमाल जैसी समस्याएं शामिल हैं। अनुवाद और व्याकरण से जुड़ी खामियां भी पाई गईं। एजेंसी ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, सटीकता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इन विषयों की परीक्षा दोबारा कराना जरूरी समझा गया।
UGC NET: सितंबर में इन तारीखों पर होगी परीक्षा
NTA ने तीनों विषयों के लिए नया परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है।
- इंग्लिश: 9 सितंबर 2026, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
- कॉमर्स: 9 सितंबर 2026, दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक
- सोशियोलॉजी: 10 सितंबर 2026, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
उम्मीदवारों से दोबारा परीक्षा के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
📢 UGC-NET June 2026 | Important Notice
NTA had received several complaints about multiple errors in the papers of English, Commerce and Sociology. NTA formed a committee to enquire into and look into these errors and as per the recommendation of the committee, NTA will… pic.twitter.com/oejnlRSe0c
— National Testing Agency (@NTA_Exams) August 16, 2026
84 विषयों के नतीजे तय समय पर होंगे जारी
NTA ने यह भी स्पष्ट किया है कि बाकी 84 विषयों के लिए आंसर-की चैलेंज की प्रक्रिया जारी है और उनके परिणाम तय कार्यक्रम के अनुसार घोषित किए जाएंगे। इन विषयों के JRF, असिस्टेंट प्रोफेसर और PhD एडमिशन से संबंधित प्रक्रिया पर इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की दोबारा परीक्षा का कोई असर नहीं पड़ेगा।
UGC NET: एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र की जानकारी बाद में
तीनों विषयों की पुनः परीक्षा में JRF, असिस्टेंट प्रोफेसर और PhD के लिए सीटों का आवंटन सूचना बुलेटिन में दिए नियमों के अनुसार किया जाएगा। असिस्टेंट प्रोफेसर पात्रता के लिए क्वालिफाई करने वाले उम्मीदवारों की संख्या 6 प्रतिशत के आधार पर तय होगी। इसमें मूल परीक्षा और पुनः आयोजित परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों में से अधिक संख्या को आधार बनाया जाएगा। परीक्षा केंद्र, शहर और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर बाद में जारी की जाएगी।
ये भी पढ़ें…बेटे पर झपटा बाघ, डंडा लेकर भिड़ गए पिता; 5 मिनट के संघर्ष के बाद जंगल भागा टाइगर








