Home » उत्तर प्रदेश » अखिलेश के ‘चवन्नी’ वाले बयान पर BJP का हमला, जयंत चौधरी के समर्थन में उतरे नेता; बोले- ‘अहंकार चरम पर’

अखिलेश के ‘चवन्नी’ वाले बयान पर BJP का हमला, जयंत चौधरी के समर्थन में उतरे नेता; बोले- ‘अहंकार चरम पर’

Akhilesh Yadav Chawanni Byan: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव की ‘चवन्नी’ वाली टिप्पणी को लेकर भाजपा ने उन पर निशाना साधा है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव की टिप्पणी से राष्ट्रीय लोक दल (RLD) प्रमुख और केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी के साथ-साथ जाट समुदाय का भी अपमान हुआ है।

दरअसल, अखिलेश यादव ने हाल ही में सपा और गठबंधन से अलग हुए नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा था, “पता नहीं हमारे साथ गठबंधन करने के लिए ये सब लोग कहां से आ गए। हमने उनकी कीमत ‘चवन्नी’ से बढ़ाकर पूरा एक रुपया कर दी थी, फिर भी वे हमें छोड़कर चले गए।” उनके इस बयान को जयंत चौधरी पर तंज के तौर पर देखा गया।

जयंत चौधरी ने अखिलेश को दिया जवाब

अखिलेश के बयान पर जयंत चौधरी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लड़ाई में अगर सस्ती बातें कहनी थीं तो कम से कम उनका नाम लेकर कही जातीं। जयंत चौधरी ने आरोप लगाया कि जाट समुदाय को निशाना बनाया गया और उन्होंने अखिलेश यादव के व्यवहार को अहंकार से जोड़ते हुए कहा कि उन्होंने ऐसा रवैया करीब से देखा है और इस तरह के व्यवहार का परिणाम पतन होता है।

Akhilesh Yadav Chawanni Byan: दिनेश शर्मा बोले- पूरे जाट समुदाय का अपमान

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर सपा प्रमुख बिना नाम लिए जयंत चौधरी को ‘चवन्नी’ कह रहे हैं, तो इसका असर पूरे जाट समुदाय पर पड़ता है। उन्होंने चौधरी चरण सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि वह सिर्फ जाट समुदाय ही नहीं, बल्कि देश के बड़े किसान नेताओं में शामिल रहे हैं। उनके पोते जयंत चौधरी को ‘चवन्नी’ कहना पूरे समुदाय का अपमान है।दिनेश शर्मा ने जयंत चौधरी को राष्ट्रवाद और देशभक्ति की विरासत वाले परिवार से आने वाला नेता भी बताया।

नरेंद्र कश्यप ने कहा- ‘अहंकार चरम पर’

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख का अहंकार अब चरम पर है और वह आरएलडी नेताओं के साथ-साथ चौधरी चरण सिंह का भी अपमान कर रहे हैं। कश्यप ने कहा कि आरएलडी एनडीए की भरोसेमंद सहयोगी है और गठबंधन के सभी साथी उसके साथ खड़े हैं। उन्होंने अखिलेश यादव को चेतावनी देते हुए कहा कि आरएलडी का अपमान करने का राजनीतिक परिणाम उन्हें भुगतना होगा।

‘चवन्नी’ बयान पर बढ़ा सियासी विवाद

अखिलेश यादव की टिप्पणी के बाद सपा और आरएलडी के बीच पुरानी राजनीतिक तल्खी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। जयंत चौधरी के जवाब के बाद अब भाजपा नेता भी उनके समर्थन में उतर आए हैं। ऐसे में ‘चवन्नी’ वाली टिप्पणी अब सिर्फ दो नेताओं के बीच जुबानी जंग तक सीमित नहीं दिख रही, बल्कि भाजपा इसे अखिलेश यादव बनाम जयंत चौधरी और जाट समुदाय के सम्मान के मुद्दे से जोड़कर राजनीतिक तौर पर उठा रही है।

ये भी पढ़े … कौन हैं नेहा पच्चीसिया, जिन्हें CM ने किया सस्पेंड? एयर होस्टेस से DSP बनने तक की पूरी कहानी; जानें पूरा मामला