Home » स्वास्थ्य » दिनभर थकान क्यों रहती है? डेली रूटीन की ये 7 गलतियां हो सकती हैं वजह

दिनभर थकान क्यों रहती है? डेली रूटीन की ये 7 गलतियां हो सकती हैं वजह

 All-Day Fatigue:

All-Day Fatigue: आजकल कई लोगों को दिनभर थकान और सुस्ती महसूस होती है। घर, ऑफिस और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच छोटी-छोटी गतिविधियों के बाद भी शरीर की एनर्जी कम लगने लगती है। लगातार रहने वाली थकान को अक्सर लोग ज्यादा काम का नतीजा समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन इसके पीछे हमारी रोजमर्रा की कुछ आदतें भी जिम्मेदार हो सकती हैं। Dr. Akshay Chugh, Internal Medicine & Metabolic Disorders, Metro Hospital and Heart Institute, Noida के अनुसार, लाइफस्टाइल में कुछ बदलाव करके कई मामलों में दिनभर रहने वाली थकान को कम किया जा सकता है।

All-Day Fatigue: रोजमर्रा की 7 गलतियां, जो बन सकती हैं थकान की वजह-

डॉ. अक्षय चुग के अनुसार, दिनभर थकान के पीछे ये आदतें जिम्मेदार हो सकती हैं।

All-Day Fatigue: सुबह का नाश्ता छोड़ देना-

कई लोग जल्दबाजी में सुबह का नाश्ता छोड़ देते हैं या सिर्फ चाय-कॉफी पीकर दिन की शुरुआत करते हैं। लंबे समय तक ऐसा करने से शरीर को जरूरी पोषक तत्व और ऊर्जा पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पाती। सुबह के भोजन में प्रोटीन, फाइबर और कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट का संतुलन रखना बेहतर है। स्प्राउट्स, अंडे, दही, दूध, फल, नट्स और साबुत अनाज जैसे विकल्प डाइट में शामिल किए जा सकते हैं।

All-Day Fatigue: दिनभर पर्याप्त पानी न पीना-

पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन भी थकान, सिरदर्द और चक्कर जैसी समस्याओं से जुड़ा हो सकता है। काम में व्यस्त रहने के कारण कई लोग दिनभर पर्याप्त पानी पीना भूल जाते हैं। प्यास लगने का इंतजार करने के बजाय दिनभर थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पानी पीते रहना बेहतर है। हालांकि, किडनी, हृदय या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं में पानी की मात्रा डॉक्टर की सलाह के अनुसार रखनी चाहिए।

घंटों लगातार बैठे रहना-

ऑफिस या घर पर लंबे समय तक एक ही जगह बैठे रहने और शारीरिक गतिविधि कम होने से शरीर सुस्त महसूस कर सकता है। नियमित मूवमेंट मांसपेशियों, ब्लड सर्कुलेशन और संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। अगर लंबे वर्कआउट के लिए समय नहीं है, तो दिनभर छोटे-छोटे ब्रेक लेकर कुछ देर चलना या सीढ़ियां चढ़ना फायदेमंद हो सकता है।

खराब नींद लेना-

सिर्फ सोने के घंटे ही नहीं, बल्कि नींद की क्वालिटी भी जरूरी है। देर रात तक मोबाइल चलाना, अनियमित स्लीपिंग शेड्यूल, तनाव और बार-बार नींद खुलना आपकी नींद को प्रभावित कर सकते हैं। अगर सुबह उठने के बाद भी लगातार नींद आती है, बहुत ज्यादा थकान रहती है या रात में तेज खर्राटे और सांस रुकने जैसी समस्या होती है, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

चाय-कॉफी ज्यादा पीना-

थकान महसूस होने पर कई लोग बार-बार चाय या कॉफी पीते हैं। सीमित मात्रा में कैफीन कुछ लोगों को एक्टिव रखने में मदद कर सकता है, लेकिन इसे थकान का स्थायी समाधान नहीं माना जाना चाहिए। खासकर दिन के बाद के हिस्से में ज्यादा कैफीन लेने से कुछ लोगों की नींद प्रभावित हो सकती है। इससे अगले दिन फिर थकान महसूस हो सकती है।

 खाने में पोषक तत्वों की कमी-

डाइट में पर्याप्त प्रोटीन, आयरन, विटामिन B12, फोलेट और अन्य जरूरी पोषक तत्वों की कमी भी थकान से जुड़ी हो सकती है। ईसलिए रोजाना के भोजन में संतुलित डाइट को शामिल करना जरूरी है। अगर लंबे समय से थकान बनी हुई है, तो डॉक्टर की सलाह से जरूरी जांच कराई जा सकती है।

लगातार तनाव में रहना-

लगातार तनाव और मानसिक दबाव भी शरीर को थका हुआ महसूस करा सकता है। परिवार की चिंता, काम का दबाव, रिलेशनशिप से जुड़ी परेशानियां या लगातार मल्टीटास्किंग का असर मानसिक और शारीरिक ऊर्जा पर पड़ सकता है। तनाव को मैनेज करने के लिए नियमित वॉक, ब्रीदिंग एक्सरसाइज, मेडिटेशन और अपनी पसंद की गतिविधियों के लिए समय निकालना मददगार हो सकता है।

थकान की समस्या में डॉक्टर से कब मिलें-

अगर अपनी दिनचर्या में बदलाव करने के बाद भी कई हफ्तों तक लगातार थकान बनी रहती है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। एनीमिया, थायराइड डिसऑर्डर, डायबिटीज, पोषक तत्वों की कमी, नींद से जुड़ी समस्याएं, हार्मोनल बदलाव और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी थकान का कारण हो सकती हैं। अगर थकान के साथ अचानक वजन कम होना, लगातार बुखार, सांस फूलना, सीने में दर्द, बेहोशी या ज्यादा ब्लीडिंग जैसे गंभीर लक्षण दिखाई दें, तो जल्द डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है

यह भी पढ़े- योगी सरकार का बड़ा फैसला, रक्षाबंधन पर 3 दिन ‘मुफ्त’ बस में सफर करेंगी महिलाएं