Home » बिहार » नवगछिया में मजदूरों से भरी नाव पलटी, कई रेस्क्यू; लापता मजदूरों की तलाश जारी

नवगछिया में मजदूरों से भरी नाव पलटी, कई रेस्क्यू; लापता मजदूरों की तलाश जारी

Naugachia Boat Capsizes:

Naugachia Boat Capsizes: बिहार के भागलपुर जिले के पुलिस जिला नवगछिया के राघोपुर में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। तटबंध की मरम्मत और फ्लड फाइटिंग के काम में लगे मजदूरों से भरी नाव अचानक पलट गई। नाव पर करीब 22 मजदूर सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

Naugachia Boat Capsizes: मजदूरों ने पानी में कूदकर बचाई जान-

नाव पलटते ही मजदूरों ने पानी में कूदकर अपनी जान बचाने की कोशिश की। कई मजदूर तैरकर बाहर निकल आए। इसके बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने तेज धार के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के बाद कुछ मजदूरों के लापता होने की सूचना है और उनकी तलाश जारी है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें मजदूर तटबंध पर फ्लड फाइटिंग के काम में जुटे दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान अचानक नाव पलट जाती है और मजदूर पानी में कूदते नजर आते हैं।

Naugachia Boat Capsizes: दो दिन पहले टूटा था राघोपुर का तटबंध-

बताया जा रहा है कि करीब दो दिन पहले रात 2 बजे राघोपुर में तटबंध टूट गया था। इसके बाद तटबंध की मरम्मत और फ्लड फाइटिंग का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया था। इसी दौरान मजदूरों को ले जा रही नाव अचानक पलट गई।

भागलपुर में आपदा प्रबंधन विभाग ने जारी किया अलर्ट-

हादसे और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए भागलपुर में आपदा प्रबंधन विभाग ने अलर्ट जारी किया है। विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, जल संसाधन विभाग ने वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बराज के सभी 36 गेट खोल दिए हैं। गंडक बराज पर मुख्यालय स्तर से अधीक्षण अभियंता के नेतृत्व में एक तकनीकी दल भी भेजा गया है। इसके साथ ही गंडक नदी बेसिन में आने वाले सभी जिलों में चेतावनी संदेश जारी किया गया है।

बाढ़ से निपटने के लिए तैयारियां तेज-

विभागीय अधिकारियों को संभावित आकस्मिक स्थिति को देखते हुए सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित मारने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सामग्रियों का भंडारण किया जा रहा है। साथ ही तटबंधों के लगातार निरीक्षण की व्यवस्था भी की गई है। फिलहाल एसडीआरएफ की टीम लापता मजदूरों की तलाश में जुटी हुई है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

यह भी पढ़े- ICC Test Ranking में इन चार भारतीय खिलाड़ियों को हुआ नुकसान