Ankit Balian Murder: हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की बुधवार को उत्तर प्रदेश के शामली में गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने उन पर करीब 20 राउंड फायरिंग की। हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या से करीब दो घंटे पहले अंकित ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया था।
Ankit Balian Murder: मौत से 2 घंटे पहले गाया था ‘मर्डर मार दे सड़क के ऊपर’-
अंकित बालियान ने हत्या से कुछ घंटे पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें वह ‘मर्डर मार दे सड़क के ऊपर’ गाना गाते हुए नजर आ रहे थे। इसके कुछ ही देर बाद उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
Ankit Balian Murder: जिम से बाहर निकलते ही बदमाशों ने बरसाईं गोलियां-
जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम अंकित बालियान शामली में जिम से बाहर निकले थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अंकित को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना शामली कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच-
वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
मासूम शर्मा और राजू पंजाबी के साथ कर चुके थे काम-
अंकित बालियान हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में काम कर चुके थे। वह मशहूर सिंगर मासूम शर्मा के साथ कई प्रोजेक्ट्स में नजर आए थे। उन्होंने मासूम शर्मा के साथ ‘खपीटर’ गाना भी गाया था। इसके अलावा अंकित ने राजू पंजाबी के साथ ‘चांद चकोरी’ में भी काम किया था।
हरियाणवी इंडस्ट्री में शोक की लहर-
अंकित बालियान की हत्या की खबर सामने आने के बाद हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उनके निधन से उनके फैंस भी काफी दुखी हैं। सोशल मीडिया पर फैंस उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
यह भी पढ़े- भ्रष्टाचार पर MP सरकार का बड़ा एक्शन, AI से पकड़ी 600 करोड़ की गड़बड़ी








