Home » स्पोर्ट्स » गिल का दोहरा शतक, रोहित के 12 हजार रन और भारत का सबसे बड़ा रनचेज; वेस्टइंडीज के खिलाफ बना रिकॉर्ड्स का पहाड़

गिल का दोहरा शतक, रोहित के 12 हजार रन और भारत का सबसे बड़ा रनचेज; वेस्टइंडीज के खिलाफ बना रिकॉर्ड्स का पहाड़

वेस्टइंडीज पर भारत की जीत, बने कई रिकॉर्ड
वेस्टइंडीज पर भारत की जीत, बने कई रिकॉर्ड

India vs West Indies: भारत ने वेस्टइंडीज को दूसरे वनडे मुकाबले में 8 विकेट से हरा दिया। भारतीय टीम ने 406 रन का बड़ा लक्ष्य 43.3 ओवर में ही हासिल कर लिया। यह वनडे क्रिकेट में भारत का अब तक का सबसे बड़ा रनचेज है। करीब 20 साल बाद किसी टीम ने वनडे की दूसरी पारी में 400 से ज्यादा रन के लक्ष्य का पीछा किया है। इससे पहले 2006 में दक्षिण अफ्रीका ने ऐसा किया था।भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद 223 रन की शानदार पारी खेली और वनडे क्रिकेट का सबसे तेज दोहरा शतक लगाया। रनचेज के दौरान किसी बल्लेबाज का यह सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी है। वहीं, मुकाबले में शतक लगाने वाले रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में अपने 12 हजार रन पूरे कर लिए।

भारत के नाम सबसे ज्यादा 400+ स्कोर

भारत वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 400 या उससे अधिक रन बनाने वाली टीम है। भारतीय टीम ने अब तक 9 बार वनडे में 400+ का स्कोर बनाया है।भारत ने गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ 29.1 ओवर में ही 300 रन पूरे कर लिए। यह वनडे क्रिकेट में किसी भी टीम द्वारा 300 रन तक पहुंचने का सबसे तेज रिकॉर्ड है।इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने 2006 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 32.2 ओवर में 300 रन पूरे किए थे।

India vs West Indies: गिल ने सबसे तेज दोहरा शतक लगाया

शुभमन गिल ने केवल 117 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया। यह वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 200 रन बनाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने ईशान किशन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ 126 गेंदों में दोहरा शतक पूरा किया था।गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 223 रन बनाए। यह वनडे रनचेज के दौरान किसी बल्लेबाज का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल के नाम था। उन्होंने 2023 में अफगानिस्तान के खिलाफ नाबाद 201 रन बनाए थे।

गिल के दोहरे शतक से भारत की ऐतिहासिक जीत
गिल के दोहरे शतक से भारत की ऐतिहासिक जीत
11 वनडे शतक लगाने वाले सबसे तेज भारतीय

शुभमन गिल ने 68 पारियों में अपना 11वां वनडे शतक पूरा किया। इसके साथ ही वह भारत के लिए सबसे कम पारियों में 11 वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा, जिन्होंने 82 पारियों में 11 शतक पूरे किए थे। विश्व क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला 64 पारियों में 11 शतक लगाकर इस मामले में सबसे आगे हैं।

India vs West Indies: वनडे में तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर

वेस्टइंडीज के खिलाफ गिल की नाबाद 223 रन की पारी वनडे इतिहास में किसी बल्लेबाज का तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।इस सूची में रोहित शर्मा 264 रन के साथ पहले नंबर पर हैं, जबकि न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल नाबाद 237 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं।गिल ने भारत में खेलते हुए सिर्फ 33 पारियों में अपने 2 हजार वनडे रन पूरे किए। यह किसी एक देश में सबसे कम पारियों में 2 हजार वनडे रन बनाने का रिकॉर्ड है।गिल ने वेस्टइंडीज के डेसमंड हेन्स का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने वेस्टइंडीज में 36 पारियों में 2 हजार रन पूरे किए थे।

सचिन और कोहली के क्लब में रोहित

रोहित शर्मा ने मैच में 73 रन पूरे करते ही वनडे क्रिकेट में अपने 12 हजार रन पूरे कर लिए। वह भारत की ओर से इस आंकड़े तक पहुंचने वाले तीसरे बल्लेबाज और विश्व क्रिकेट में सातवें बल्लेबाज बन गए हैं।उनसे पहले भारत के सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली वनडे में 12 हजार रन पूरे कर चुके हैं।रोहित शर्मा ने 282 पारियों में वनडे क्रिकेट के 12 हजार रन पूरे किए। वह इस आंकड़े तक पहुंचने वाले दुनिया के दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज हैं।विराट कोहली ने 242 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी और वह इस सूची में पहले स्थान पर हैं।

India vs West Indies: कुलदीप ने 200 विकेट पूरे किए

कुलदीप यादव ने 123 वनडे मैचों में अपने 200 विकेट पूरे कर लिए। भारत के लिए वनडे में 200 विकेट तक पहुंचने वाले वह दूसरे सबसे तेज गेंदबाज हैं।इस मामले में मोहम्मद शमी सबसे आगे हैं। उन्होंने 104 वनडे मैचों में 200 विकेट पूरे किए थे।भारत और वेस्टइंडीज की दोनों पारियों को मिलाकर इस मुकाबले में कुल 811 रन बने। यह वनडे क्रिकेट के किसी एक मैच में तीसरा सबसे बड़ा कुल स्कोर है।2006 में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए मुकाबले में कुल 872 रन बने थे, जो वनडे मैच में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड है।

वेस्टइंडीज का वनडे में सबसे बड़ा स्कोर

वेस्टइंडीज ने गुवाहाटी में 7 विकेट पर 405 रन बनाए। यह वनडे क्रिकेट में टीम का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।इससे पहले वेस्टइंडीज का सबसे बड़ा वनडे स्कोर 389 रन था, जो उसने 2019 में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था।भारत के खिलाफ भी वेस्टइंडीज ने अपना सबसे बड़ा वनडे स्कोर बनाया। इससे पहले भारत के खिलाफ उसका सबसे बड़ा स्कोर 333 रन था, जो टीम ने 1983 में जमशेदपुर में बनाया था।

India vs West Indies: कैंपबेल ने भारत के खिलाफ सबसे तेज शतक लगाया

वेस्टइंडीज के जॉन कैंपबेल ने 65 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह भारत के खिलाफ किसी वेस्टइंडीज बल्लेबाज का सबसे तेज वनडे शतक है।इससे पहले यह रिकॉर्ड रिकार्ड पॉवेल के नाम था, जिन्होंने 1999 में भारत के खिलाफ 72 गेंदों में शतक लगाया था। इसी मुकाबले में अमीर जांगू ने 70 गेंदों में शतक लगाकर इस सूची में दूसरा स्थान हासिल किया।

गिल के दोहरे शतक से भारत की ऐतिहासिक जीत
गिल के दोहरे शतक से भारत की ऐतिहासिक जीत
रोहित ने अलग अंदाज में मनाया शतक का जश्न

मुकाबले के 26वें ओवर की पहली गेंद पर रोहित शर्मा ने अपना शतक पूरा किया। विटेल लॉव्स की गेंद पर एक रन लेकर उन्होंने 100 रन पूरे किए।सिंगल पूरा करते समय रोहित अलग अंदाज में दौड़ते दिखाई दिए। वह घुटनों को ऊंचा उठाकर धीमे-धीमे दौड़े। शतक पूरा होने के बाद उन्होंने बल्ला उठाकर दर्शकों का अभिवादन किया।रोहित का यह वनडे क्रिकेट में 35वां शतक था।शुभमन गिल ने 39वें ओवर में विटेल लॉव्स की गेंद पर एक रन लेकर अपने करियर का दूसरा वनडे दोहरा शतक पूरा किया।200 रन पूरे होते ही गिल पहले हवा में उछले। इसके बाद उन्होंने अपना हेलमेट उतारकर बल्ले पर रखा और उसे हाथ में पकड़कर हवा में लहराया। उन्होंने ड्रेसिंग रूम में मौजूद साथी खिलाड़ियों और दर्शकों का भी अभिवादन किया।गिल ने वनडे क्रिकेट में अपना दूसरा दोहरा शतक लगाया।

India vs West Indies: भारत ने सीरीज में बनाई 2-0 की अजेय बढ़त

भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में दोनों टीमों ने मिलकर कुल 811 रन बनाए।भारत ने मुकाबला 8 विकेट से अपने नाम किया और तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। वेस्टइंडीज ने भारत के सामने 406 रन का बड़ा लक्ष्य रखा था, जिसे भारतीय टीम ने 43.3 ओवर में हासिल कर लिया।मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद दोहरा शतक लगाया। वहीं रोहित शर्मा ने भी शानदार शतकीय पारी खेली। रोहित की फॉर्म पर इस मैच में खास नजर थी और शतक पूरा करने के बाद उन्होंने जिस तरह इसका जश्न मनाया, वह भी चर्चा में रहा।

रोहित बोले- जश्न अपने तक ही रखता हूं

वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में रोहित शर्मा ने 75 गेंदों में 101 रन बनाए। मैच के बाद ब्रॉडकास्टर से बातचीत के दौरान जब उनसे शतक के जश्न के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह जश्न वह अपने तक ही रखना चाहते हैं।रोहित ने बताया कि कुछ चीजें सिर्फ अपने साथ रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह जश्न उन्होंने खुद के लिए किया था और वह इसके बारे में किसी से साझा नहीं कर सकते।गिल के साथ बल्लेबाजी के बारे में रोहित ने कहा कि विकेट अच्छा था और दोनों बल्लेबाज लगातार बल्लेबाजी करना चाहते थे। उन्होंने बताया कि वे स्कोरबोर्ड पर ज्यादा ध्यान नहीं दे रहे थे और गेंद की स्थिति के हिसाब से खेलने की कोशिश कर रहे थे।रोहित के मुताबिक, इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करते समय बड़ी साझेदारियां बनाना जरूरी होता है और उन्होंने वही करने की कोशिश की। उन्होंने गिल की बल्लेबाजी की भी तारीफ की और कहा कि गिल पूरी पारी के दौरान अपनी बल्लेबाजी पर पूरी तरह नियंत्रण में रहे। उनका अंत तक नाबाद रहना भी शानदार था।

India vs West Indies: जडेजा ने भी पूछा था जश्न का राज

रोहित शर्मा ने बताया कि शतक के बाद रवींद्र जडेजा ने भी उनसे उनके जश्न के बारे में पूछा था। रोहित ने कहा कि जडेजा जानना चाहते थे कि वह जश्न किस बारे में था।रोहित ने उन्हें जवाब दिया कि वह उन्हें ड्रेसिंग रूम में बताएंगे। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए था और जडेजा काफी अलग तरह के सुझाव दे रहे थे।रोहित के मुताबिक, जडेजा चाहते थे कि वह स्लाइड और जंप करते हुए जश्न मनाएं। लेकिन रोहित ने मजाकिया अंदाज में कहा कि 50 ओवर तक फील्डिंग करने और करीब 25-30 ओवर तक बल्लेबाजी करने के बाद वह ऐसा बिल्कुल नहीं करने वाले थे।