Chirag Paswan Praise: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘डिजिटल सत्याग्रह’ की तारीफ की है। रायपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि लोगों और युवाओं को अपनी बात रखने के लिए ज्यादा से ज्यादा मंच मिलना अच्छी बात है। हालांकि, इसी दौरान उन्होंने विपक्ष पर मुद्दों को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप भी लगाया।
Chirag Paswan Praise: चिराग पासवान ने राहुल गांधी के सत्याग्रह को बताया अच्छी पहल-
राहुल गांधी के ‘डिजिटल सत्याग्रह’ को लेकर पूछे गए सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि यह अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा युवाओं और भारतीय नागरिकों को अपनी बात रखने के लिए अधिक से अधिक मंच उपलब्ध कराने की वकालत करते रहे हैं। चिराग पासवान ने कहा कि इसी सोच के साथ राहुल गांधी ने सत्याग्रह की शुरुआत की है। उन्होंने यह भी कहा कि इसका नाम भी सही रखा गया है।
Chirag Paswan Praise: ‘विपक्ष को झूठ और भ्रम फैलाने की आदत’-
राहुल गांधी के डिजिटल प्लेटफॉर्म की तारीफ करने के बाद चिराग पासवान ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को बार-बार झूठ और भ्रम फैलाने की आदत हो गई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष मुद्दे उठाता है और फिर उन्हें बीच में ही छोड़ देता है। ईवीएम से लेकर एसआईआर तक के मुद्दों का जिक्र करते हुए चिराग ने कहा कि विपक्ष जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम करता है।
‘जनता आपको नकार रही है’-
चिराग पासवान ने कहा कि सच्चाई यह है कि जनता विपक्ष को नकार रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष इसे सत्याग्रह के जरिए नहीं समझ पाएगा, बल्कि इसके लिए आत्ममंथन करने की जरूरत है।
क्या है राहुल गांधी का डिजिटल ‘सत्याग्रह’-
राहुल गांधी ने 3 अक्टूबर को ‘सत्याग्रह’ नाम का एक डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। इसका उद्देश्य देशभर में अलग-अलग मुद्दों को लेकर चल रहे आंदोलनों और लोगों के संघर्षों को एक मंच पर लाना है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए विभिन्न मुद्दों और उनसे जुड़े लोगों की आवाज को सामने लाने की कोशिश की जा रही है।









