Weather Updates: मुंबई में मानसून की दस्तक के साथ ही लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। मानसून पहुंचने के शुरुआती 24 घंटों में ही शहर में भारी बारिश दर्ज की गई। मंगलवार सुबह 8 बजे से बुधवार सुबह 7 बजे तक मलाड के मलवणी फायर स्टेशन क्षेत्र में 334 मिमी और एफ/साउथ वार्ड में 328 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मुंबई के 27 इलाकों में 200 मिमी से 300 मिमी तक बारिश हुई।
अंधेरी सब-वे में भरा पानी, कई जगह अलर्ट
भारी बारिश के कारण मुंबई के अंधेरी सब-वे में पानी भर गया, जिसके बाद इसे अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। वहीं, विक्रोली वेस्ट में एक रिहायशी इमारत के पास बनी रिटेनिंग वॉल गिर गई। मौसम विभाग ने मुंबई और पालघर में बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि ठाणे, रायगढ़ और सिंधुदुर्ग में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
Weather Updates: कई राज्यों में प्री-मानसून बारिश जारी
देश के कई राज्यों में प्री-मानसून बारिश का असर देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में बारिश का दौर जारी है। मध्य प्रदेश के 17 जिलों में मंगलवार को प्री-मानसून बारिश हुई। वहीं, बिहार में बिजली गिरने की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई।
राजस्थान में जून महीने के दौरान सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 21 जून तक राज्य में सामान्य से 41 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई। इस अवधि में सामान्य बारिश लगभग 28 मिमी होती है, जबकि इस बार अब तक औसतन 39.3 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है।
उत्तर प्रदेश के छह शहरों में मंगलवार को 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चली। हालांकि, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अभी भी तेज धूप और उमस का असर बना हुआ है।

सात राज्यों में गर्मी का असर जारी
जहां कई राज्यों में बारिश हो रही है, वहीं कुछ इलाकों में गर्मी का प्रभाव भी बना हुआ है। बुधवार को मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, बिहार और गुजरात के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
देश में सबसे अधिक तापमान उत्तर प्रदेश के बांदा में 43.3°C रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा बिहार के बोधगया में 40.8°C, राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर और बाड़मेर में 40.8°C, झारखंड के डाल्टनगंज में 41.2°C, गुजरात के राजकोट में 40.5°C और मध्य प्रदेश के खजुराहो में 40.4°C तापमान दर्ज किया गया।
अगले दो दिनों में भारी बारिश और हीटवेव की चेतावनी
25 जून को असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में लगातार दूसरे दिन भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, सिक्किम, कोंकण-गोवा, तेलंगाना और तटीय कर्नाटक में मानसून के कारण तेज बारिश होने की संभावना है। आंध्र प्रदेश, मराठवाड़ा, झारखंड और ओडिशा में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी ओर, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में लगातार तीसरे दिन हीटवेव की चेतावनी दी गई है।
26 जून को असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। सिक्किम, कोंकण-गोवा, तेलंगाना और तटीय कर्नाटक में ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा। आंध्र प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में भी तेज बारिश का अलर्ट है, जबकि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में लगातार चौथे दिन हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है।
मध्य प्रदेश में दो दिन में मानसून पहुंचने की संभावना
मध्य प्रदेश में अगले दो दिनों के अंदर मानसून पहुंच सकता है। मंगलवार को राज्य के कई जिलों में बारिश और आंधी देखने को मिली। धार, पांढुर्ना, नर्मदापुरम, इंदौर, खरगोन, राजगढ़, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सागर, सिवनी, टीकमगढ़ और बड़वानी समेत 15 जिलों में बारिश हुई। बालाघाट में 38.1 मिमी और रायसेन में 19 मिमी बारिश दर्ज की गई।
उत्तर प्रदेश में बारिश और गर्मी दोनों का असर
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। लखनऊ समेत 16 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पश्चिमी यूपी के 38 जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी गई है। राज्य का बांदा 43.8°C तापमान के साथ देश के सबसे गर्म शहरों में रहा।
राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट
राजस्थान में प्री-मानसून बारिश लगातार जारी है। मंगलवार को बीकानेर और कोटा संभाग के कई इलाकों में बारिश हुई, जबकि जयपुर में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने जयपुर समेत 20 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।
बिहार में बारिश और बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत
बिहार में मंगलवार को खराब मौसम के कारण पांच जिलों में 11 लोगों की मौत हो गई। इनमें सबसे ज्यादा पांच मौतें भागलपुर में हुईं। वहीं, मुजफ्फरपुर में तेज गर्मी को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के लिए आठवीं कक्षा तक के स्कूल 27 जून तक बंद कर दिए गए हैं।
हरियाणा में आंधी-बारिश का अलर्ट
हरियाणा में अगले तीन दिनों तक मौसम में बदलाव रहने की संभावना है। पंजाब के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण राज्य में तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और जींद में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। इन इलाकों में बारिश होने की भी संभावना है।
यह भी पढ़े…सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना पड़ा भारी, गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने 369 लोगों के खिलाफ की सख्त कार्रवाई








