Arvind Kejriwal Protest: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल सोमवार को E20 पेट्रोल के विरोध में प्रधानमंत्री आवास तक मार्च के लिए निकले। उनके साथ पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने बिना अनुमति का हवाला देते हुए मार्च को फिरोज शाह रोड पर ही रोक दिया। इसके बाद केजरीवाल और AAP कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।
Arvind Kejriwal Protest: E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार पर लगाए आरोप-
धरने के दौरान अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देशवासियों पर E20 पेट्रोल जबरन थोप रही है। उनका कहना है कि इससे करोड़ों वाहन मालिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार को इस नीति को लागू करने से पहले सभी पक्षों से चर्चा करनी चाहिए थी और इसके फायदे के साथ संभावित नुकसान भी जनता के सामने रखने चाहिए थे।
Arvind Kejriwal Protest: केंद्र सरकार के सामने रखीं तीन मांगें-
केजरीवाल ने E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली, सभी पेट्रोल पंपों पर सामान्य पेट्रोल और E20 दोनों का विकल्प उपलब्ध कराया जाए। दूसरी, E20 फ्यूल की कीमत सामान्य पेट्रोल से कम रखी जाए। तीसरी, यदि E20 का विकल्प दिया जाता है तो सामान्य पेट्रोल की कीमत 84 रुपये प्रति लीटर से कम की जाए।
प्रधानमंत्री से मिलने की जताई इच्छा-
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनके पास E20 पेट्रोल के विरोध में 2.30 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर वाली याचिका है। उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर जनता की चिंताओं से अवगत कराना चाहते हैं। उनके अनुसार, आंदोलन का उद्देश्य हंगामा करना नहीं, बल्कि आम लोगों और वाहन मालिकों की आवाज सरकार तक पहुंचाना है।
यह भी पढ़े- FIR और NCR में क्या है अंतर? शिकायत दर्ज कराने से पहले जान लें दोनों के नियम








