Asad Khan 610 Crore: श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर में आयकर विभाग की जांच के बाद बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। आरोप है कि शेल कंपनियों और डमी फर्मों के जरिए 700 करोड़ रुपये से अधिक की रकम देश-विदेश में ट्रांसफर की गई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए SIT गठित कर दी है।
Asad Khan 610 Crore: आयकर विभाग की जांच में हुआ बड़ा खुलासा-
राजस्थान के सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर में करोड़ों रुपये के संदिग्ध विदेशी लेनदेन का मामला सामने आया है। आयकर विभाग के सर्वे के बाद एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। जांच में नियमों और जरूरी दस्तावेजों की अनदेखी कर 700 करोड़ रुपये से अधिक की रकम देश-विदेश में भेजे जाने का आरोप है।
Asad Khan 610 Crore: फर्जी कंपनियों और डमी फर्मों के जरिए लेनदेन-
आरोप है कि रायसिंहनगर स्थित CA शैरिल गुप्ता के कार्यालय से फर्जी कंपनियों, डमी फर्मों और शेल संस्थाओं के नाम पर बड़े पैमाने पर लेनदेन किया गया। आयकर विभाग की टीम ने पुरानी धान मंडी स्थित कार्यालय का सर्वे किया, जिसके बाद कई अहम दस्तावेज सामने आए। आयकर विभाग के उपनिदेशक कन्हैया लाल मीणा की रिपोर्ट के मुताबिक, जरूरी दस्तावेजों की जांच किए बिना ही फॉर्म 15CB जारी किए गए। कार्यालय से कुल 1,674 फॉर्म 15CB जारी हुए थे। इनमें 56 फर्मों और व्यक्तियों से जुड़े 1,495 से अधिक प्रमाणपत्रों में नियमों की अनदेखी पाए जाने की बात सामने आई है।
असद खान के नाम से 610 करोड़ रुपये का ट्रांसफर-
जांच में असद खान के नाम से 990 लेनदेन दर्ज होने की बात सामने आई है। इन लेनदेन के जरिए 610 करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक की रकम विदेश और अन्य खातों में ट्रांसफर किए जाने का दावा है। इसके अलावा गणेश सखाराम के नाम से 71 लेनदेन में करीब 44 करोड़ रुपये, एल कोमोडिटो मरीन शिपिंग के नाम से 55 लेनदेन में करीब 40 करोड़ रुपये और कुलदीप लॉजिस्टिक्स के नाम से 35 लेनदेन में 28 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन सामने आया है।
कई राज्यों के सिंडिकेट से जुड़े होने की आशंका-
जांच एजेंसियों को इस पूरे मामले में अलग-अलग राज्यों के सिंडिकेट के जुड़े होने का शक है। इसके अलावा सॉफ्टवेयर, शिपिंग और इमिग्रेशन कंपनियों के तार भी इस मामले से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही पूरे नेटवर्क की वास्तविक तस्वीर साफ हो सकेगी।
किन देशों में भेजी गई रकम? पुलिस कर रही जांच-
श्रीगंगानगर के एसपी हरिशंकर के मुताबिक, आयकर विभाग की शिकायत पर रायसिंहनगर थाने में धोखाधड़ी सहित गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। अब पुलिस और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी रकम किन-किन देशों में भेजी गई और इसके पीछे कौन-कौन से लोग या गिरोह शामिल हैं। मामले से जुड़े बैंक खातों और कंप्यूटर हार्ड डिस्क की फॉरेंसिक जांच भी की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही इस कथित वित्तीय नेटवर्क से जुड़े अन्य नामों का खुलासा हो सकता है।
यह भी पढ़े- पुजारा- “यशस्वी को अपने खेल पर ध्यान देना चाहिए, न कि लड़ने पर”








