Bhajanlal: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में समान नागरिक संहिता को लेकर बड़ा बयान दिया। बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में ध्वजारोहण के बाद प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान का अनुच्छेद 44 सभी नागरिकों के लिए समान नागरिक संहिता की दिशा में आगे बढ़ने का निर्देश देता है। इसी संवैधानिक भावना के अनुरूप राज्य सरकार राजस्थान सिविल संहिता-2026 लाने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही कानून-व्यवस्था, विकास, ऊर्जा, किसानों, महिलाओं और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।
UCC के साथ कानून-व्यवस्था पर सरकार का जोर
सीएम भजनलाल ने कहा कि राजस्थान में सभी नागरिकों के लिए समान कानून सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में जबरन पलायन और संपत्ति बिक्री रोकने के लिए राजस्थान अशांत क्षेत्र कानून लागू किया गया है। वहीं प्रलोभन या कपटपूर्ण तरीके से धर्मांतरण रोकने के लिए कानून बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।
Bhajanlal: पानी, ऊर्जा और सड़क परियोजनाओं को रफ्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में बड़े बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। पचपदरा में 79,459 करोड़ रुपये की राजस्थान रिफाइनरी परियोजना और माही-बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा परियोजना को विकास के नए इंजन के रूप में बताया। करीब 91 हजार करोड़ रुपये की राम जल सेतु लिंक परियोजना पर भी तेजी से काम होने की बात कही गई। इससे 17 जिलों को पेयजल और सिंचाई सुविधा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सौर ऊर्जा क्षमता में देश में पहले स्थान पर और अक्षय ऊर्जा क्षमता में दूसरे स्थान पर है। पिछले 31 महीनों में 18 हजार किलोमीटर से अधिक नई सड़कों का निर्माण भी किया गया है।
किसानों और महिलाओं के लिए कई योजनाएं
सीएम ने बताया कि किसान सम्मान निधि के तहत राज्य में वार्षिक सहायता बढ़ाकर 9 हजार रुपये की गई है। 76 लाख से अधिक किसानों को 3,734 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि दी जा चुकी है। किसानों को नए कृषि कनेक्शन और फसली ऋण का भी लाभ मिला है। महिलाओं के लिए लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत सात किस्तों में 1.5 लाख रुपये देने, महिला शिक्षा और डिजिटल कौशल को बढ़ावा देने वाली योजनाओं का भी मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया।
Bhajanlal: सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य पर भी फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 1,450 रुपये प्रतिमाह की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 3.82 लाख आवास बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत करीब छह लाख मरीजों को 9,700 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास के साथ सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याण को भी मजबूत करना है।
ये भी पढ़ें…कर्नाटक में RSS पर प्रियांक खड़गे के सवाल, नए सार्वजनिक संपत्ति बिल से बढ़ा विवाद








