Home » मध्य प्रदेश » CM मोहन यादव के काफिले में शामिल हुई इलेक्ट्रिक कार, महिंद्रा XEV 9e से दिल्ली रवाना हुए मुख्यमंत्री

CM मोहन यादव के काफिले में शामिल हुई इलेक्ट्रिक कार, महिंद्रा XEV 9e से दिल्ली रवाना हुए मुख्यमंत्री

CM Mohan Electric Car:

CM Mohan Electric Car: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की अपील के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने काफिले में इलेक्ट्रिक वाहन शामिल करने का फैसला किया है। इसके तहत महिंद्रा की नई इलेक्ट्रिक SUV XEV 9e को मुख्यमंत्री के काफिले में शामिल किया गया है। बुधवार शाम मुख्यमंत्री इसी कार से मुख्यमंत्री निवास से स्टेट हैंगर पहुंचे और फिर दिल्ली रवाना हुए।

मुख्यमंत्री की नई कार का रजिस्ट्रेशन नंबर MP 02 VB 2047 रखा गया है। नंबर प्लेट में मौजूद ‘VB’ का मतलब ‘विकसित भारत’ बताया गया है, जबकि ‘2047’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संकल्प का प्रतीक है, जिसके तहत वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

पहली बार CM काफिले में शामिल हुई इलेक्ट्रिक कार

मध्य प्रदेश में पहली बार किसी मुख्यमंत्री के काफिले में इलेक्ट्रिक कार शामिल की गई है। इसे ग्रीन मोबिलिटी और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों ने वाहन से जुड़े सभी जरूरी प्रोटोकॉल पूरे कर लिए हैं और ड्राइवरों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है। मुख्यमंत्री इससे पहले भी अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर चुके हैं। पहले काफिले में 13 वाहन चलते थे, जिन्हें घटाकर 7 कर दिया गया था। इसके बाद कई मंत्रियों और अधिकारियों ने भी कार-पूलिंग और कम वाहनों के इस्तेमाल को अपनाया।

CM Mohan Electric Car: 500KM रेंज और लग्जरी फीचर्स से लैस

महिंद्रा XEV 9e एक प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV है, जो एक बार चार्ज करने पर करीब 500 किलोमीटर तक चल सकती है। इसमें 79kWh की लिथियम-आयन बैटरी दी गई है, जो 286hp की पावर और 380Nm टॉर्क जनरेट करती है। यह कार मात्र 7.45 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। कार में 16-स्पीकर वाला हरमन कार्डन साउंड सिस्टम, ऑगमेंटेड रियलिटी हेड-अप डिस्प्ले (AR-HUD), पैनोरमिक ग्लास रूफ, वायरलेस चार्जिंग और 16 मिलियन कलर एम्बिएंट लाइटिंग जैसे प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं।

CM Mohan Electric Car: सुरक्षा और टेक्नोलॉजी पर खास फोकस

सुरक्षा के लिहाज से कार में 360 डिग्री कैमरा, सर्विलांस मोड, मल्टीपल एयरबैग्स, ADAS फीचर्स और डिस्क ब्रेक्स जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। इसके अलावा ‘पेट मोड’ और ‘कैंपिंग मोड’ जैसे खास क्लाइमेट कंट्रोल फीचर्स भी दिए गए हैं। सरकार का मानना है कि मुख्यमंत्री के काफिले में इलेक्ट्रिक वाहन शामिल होने से स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सकारात्मक संदेश जाएगा।

यह भी पढे़ : कुवैत एयरपोर्ट पर ईरानी ड्रोन हमला: एक भारतीय की मौत, 63 घायल; टर्मिनल को भारी नुकसान