Home » देश-विदेश » कुवैत एयरपोर्ट पर ईरानी ड्रोन हमला: एक भारतीय की मौत, 63 घायल; टर्मिनल को भारी नुकसान

कुवैत एयरपोर्ट पर ईरानी ड्रोन हमला: एक भारतीय की मौत, 63 घायल; टर्मिनल को भारी नुकसान

Kuwait Airport Attack:

Kuwait Airport Attack: कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए ईरानी ड्रोन हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने घटना पर दुख जताते हुए मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

कुवैत के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, हमले में कई लोगों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद 25 एम्बुलेंस मौके पर भेजी गईं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 को भारी नुकसान

हमले में कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 को भारी नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए एयरपोर्ट ट्रैफिक रोक दिया गया था, हालांकि बाद में सीमित उड़ान सेवाएं फिर शुरू कर दी गईं। इससे पहले अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बताया था कि ईरान ने कुवैत में मौजूद अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाकर ड्रोन हमले किए थे, लेकिन सभी हमलों को नाकाम कर दिया गया।

Kuwait Airport Attack: ट्रम्प ने माना- नेतन्याहू को फोन पर गाली दी थी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने स्वीकार किया है कि उन्होंने हाल ही में इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर तीखी बातचीत की थी। एक पॉडकास्ट में ट्रम्प ने कहा कि वह लेबनान पर इजराइली हमलों को लेकर नाराज थे। ट्रम्प ने कहा, “मुझे बीबी (नेतन्याहू) पसंद हैं और मैं उनके साथ अच्छे संबंध रखता हूं, लेकिन मैं लेबनान में हो रहे हमलों से परेशान था।”

Kuwait Airport Attack: पश्चिम एशिया में बढ़ा तनाव

ईरान ने दावा किया है कि उसने कुवैत, बहरीन और क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाया। वहीं अमेरिका ने ईरानी तेल टैंकरों और सैन्य नियंत्रण केंद्रों पर हमले किए हैं। उधर, लेबनान में इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष लगातार तेज होता जा रहा है। दक्षिणी लेबनान के कई इलाकों में एयरस्ट्राइक जारी हैं, जबकि हिजबुल्लाह भी मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहा है।

एक्सपर्ट बोलीं- छोटे खाड़ी देशों पर दबाव बना रहा ईरान

खाड़ी इंटरनेशनल फोरम की विशेषज्ञ दानिया थाफर ने कहा कि ईरान छोटे खाड़ी देशों पर दबाव बनाकर उन्हें अपने पक्ष में झुकाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि कुवैत इजराइल के साथ किसी भी राजनयिक समझौते का हिस्सा नहीं है, इसके बावजूद उसे निशाना बनाया गया।

लेबनान में ऐतिहासिक धरोहरों पर खतरा

इजराइल की सैन्य कार्रवाई के कारण दक्षिणी लेबनान के कई ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों पर भी खतरा बढ़ गया है। हाल ही में इजराइली सेना ने 900 साल पुराने ब्यूफोर्ट किले पर कब्जा कर लिया, जिसे क्षेत्र की अहम ऐतिहासिक धरोहर माना जाता है।

यह भी पढे़ : सूरत में बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ बड़ा एक्शन, 261 संदिग्ध हिरासत में