Cockroach Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब पार्टी के एक समर्थक पर कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। घटना के बाद प्रदर्शन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और मौजूद कार्यकर्ताओं में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पार्टी ने आरोप लगाया कि हमले का मकसद प्रदर्शनकारियों में डर पैदा करना और आंदोलन को कमजोर करना था।
समर्थक के सिर पर लोहे की रॉड से वार, गंभीर चोट का दावा
CJP के अनुसार, हमले में घायल समर्थक को सिर पर गंभीर चोट आई है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में घायल व्यक्ति की बेटी ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने पहले उसे सड़क पर घेर लिया। जब उसके पिता उसे बचाने पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। परिवार का कहना है कि इस हमले में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं और मेडिकल रिपोर्ट भी इसकी पुष्टि करती है।
Cockroach Protest: SC/ST एक्ट और हत्या की कोशिश का मामला दर्ज करने की मांग
घटना के बाद CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके और पार्टी प्रवक्ता सौरभ दास ने दिल्ली पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि हमले में लगभग 15 लोग शामिल थे, लेकिन पुलिस ने केवल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पार्टी ने मांग की है कि सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए तथा उनके खिलाफ हत्या की कोशिश और SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जाए।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
सौरभ दास ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस को पहले भी हमलों और सोशल मीडिया पर मिल रही धमकियों की जानकारी दी गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि मेडिकल रिपोर्ट में चोट को गंभीर बताया गया है, जबकि पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में इसे मामूली चोट के रूप में दर्ज किया है। पार्टी का कहना है कि इससे पूरे मामले को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।CJP ने साफ किया है कि उनका विरोध प्रदर्शन फिलहाल समाप्त नहीं होगा। पार्टी का कहना है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान NEET-UG पेपर लीक और परीक्षा में कथित अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा नहीं देते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, हमले की घटना के बाद पार्टी ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई है।
ये भी पढ़े….रामलला के दर्शन को उतावले हुए बच्चे, बिना बताए जयपुर से अयोध्या पहुंचे








