Gold Silver Prices: त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले सोने और चांदी की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिल रहा है। घरेलू बाजार में बढ़ती खरीदारी और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिल रहे सकारात्मक संकेतों का असर सोमवार को दोनों कीमती धातुओं पर साफ नजर आया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने और चांदी में मजबूत खरीदारी हुई। इससे निवेशकों के साथ-साथ ज्वेलरी खरीदने वालों की भी दिलचस्पी बढ़ी है।
सोना ₹1.52 लाख के पार
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को खबर लिखे जाने तक MCX पर अक्टूबर 2026 डिलीवरी वाला सोना 0.69 प्रतिशत यानी ₹1,050 की बढ़त के साथ ₹1,52,870 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान सोने ने ₹1,52,946 का ऊपरी स्तर छुआ। वहीं, इसका दिन का निचला स्तर ₹1,51,461 प्रति 10 ग्राम रहा।
सोने की कीमत में पिछले एक सप्ताह के दौरान काफी तेजी आई है। 31 जुलाई को MCX पर 24 कैरेट सोना ₹1,43,376 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इसके बाद पिछले शुक्रवार तक इसकी कीमत बढ़कर ₹1,51,985 प्रति 10 ग्राम हो गई।इस तरह केवल पांच कारोबारी सत्रों में सोना ₹8,609 प्रति 10 ग्राम महंगा हुआ। सोमवार के भाव से तुलना करें तो 31 जुलाई के मुकाबले सोने की कीमत में कुल ₹8,644 प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हो चुकी है।
चांदी की रफ्तार सोने से भी तेज
चांदी ने सोमवार को सोने के मुकाबले भी ज्यादा तेजी दिखाई। MCX पर सितंबर 2026 डिलीवरी वाली चांदी 1.50 प्रतिशत यानी ₹3,473 की बढ़त के साथ ₹2,34,939 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।कारोबार के दौरान चांदी ने ₹2,35,221 प्रति किलोग्राम का ऊपरी स्तर छुआ, जबकि इसका निचला स्तर ₹2,31,660 रहा।चांदी की कीमतों में पिछले पांच कारोबारी सत्रों से लगातार मजबूती बनी हुई है। 31 जुलाई को MCX पर चांदी ₹2,18,295 प्रति किलोग्राम पर थी। पिछले शुक्रवार तक इसका भाव बढ़कर ₹2,31,381 प्रति किलोग्राम हो गया।इस हिसाब से पांच कारोबारी दिनों में चांदी ₹13,086 प्रति किलोग्राम महंगी हुई। वहीं, सोमवार के भाव को आधार मानें तो 31 जुलाई की तुलना में चांदी की कीमत में कुल ₹15,435 प्रति किलोग्राम का इजाफा हो चुका है।
त्योहारी मांग से मिल रहा सहारा
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, त्योहारी सीजन से पहले ज्वेलरी और निवेश दोनों के लिए कीमती धातुओं की मांग बढ़ रही है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने-चांदी की मजबूती का असर घरेलू कीमतों पर भी पड़ रहा है।बाजार में लॉन्ग बिल्डअप भी दिखाई दे रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रहने के बावजूद सोने और चांदी में मजबूती बनी रहने की संभावना जताई जा रही है।
रिकॉर्ड हाई से अभी काफी नीचे चांदी
हालांकि हाल में चांदी की कीमत में तेज बढ़ोतरी हुई है, लेकिन यह अभी भी अपने रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे कारोबार कर रही है। 29 जनवरी 2026 को चांदी ने ₹4,20,048 प्रति किलोग्राम का ऑल टाइम हाई बनाया था।मौजूदा ₹2,33,730 प्रति किलोग्राम के भाव के हिसाब से चांदी अपने रिकॉर्ड स्तर से अभी ₹1,86,318 प्रति किलोग्राम नीचे है।
आगे भी तेजी की उम्मीद
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अगर वैश्विक आर्थिक परिस्थितियां अनुकूल बनी रहती हैं और त्योहारी सीजन में मांग मजबूत रहती है, तो सोने और चांदी दोनों की कीमतों में आगे भी तेजी देखने को मिल सकती है।फिलहाल निवेशकों की नजर अमेरिका से आने वाले आर्थिक आंकड़ों और अंतरराष्ट्रीय बाजारों की गतिविधियों पर है। इन संकेतों से आने वाले समय में कीमती धातुओं की दिशा तय होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें…पीएम मोदी से मिले शरद पवार गुट के 8 सांसद, महाराष्ट्र के मुद्दों पर हुई चर्चा








