Home » उत्तर प्रदेश » हापुड़ में ‘वाइब्रेंट विलेज 2026’ का आयोजन, शुद्ध खेती और स्वस्थ भोजन पर मंथन

हापुड़ में ‘वाइब्रेंट विलेज 2026’ का आयोजन, शुद्ध खेती और स्वस्थ भोजन पर मंथन

Hapur Vibrant Village:

Hapur Vibrant Village: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के हैदरपुर स्थित शुद्धग्राम ऑर्गेनिक फार्म में रविवार को एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ‘वाइब्रेंट विलेज 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर के कृषि विशेषज्ञों, जैविक किसानों, पर्यावरण प्रेमियों, एग्री-स्टार्टअप्स और शहरी उपभोक्ताओं ने हिस्सा लिया। सम्मेलन का उद्देश्य प्राकृतिक खेती, शुद्ध भोजन और किसानों को उपभोक्ताओं से सीधे जोड़ने की पहल को मजबूत करना रहा।

Hapur Vibrant Village: कृषि और मीडिया जगत की हस्तियों ने की शिरकत-

कार्यक्रम का आयोजन शुद्धग्राम ऑर्गेनिक और श्री शुद्ध देसी ने संयुक्त रूप से किया। इसकी अगुवाई शुद्धग्राम ऑर्गेनिक के संस्थापक गौरव एम. त्यागी, श्री शुद्ध देसी की संस्थापिका ज्योति त्यागी और सह-संस्थापक विवेक त्यागी ने की। सम्मेलन में कई कृषि स्टार्टअप्स, ऑर्गेनिक ब्रांड्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े विशेषज्ञ मौजूद रहे। ‘खबर किसान की’ के संस्थापक अंकित शर्मा ने भी किसानों और ग्रामीण उद्यमियों से संवाद किया।

Hapur Vibrant Village: लाइव फार्म टूर में दिखी प्राकृतिक खेती की पूरी प्रक्रिया-

सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण ‘लाइव फार्म विजिट’ रहा। दिल्ली-एनसीआर से पहुंचे उपभोक्ताओं ने जैविक खेती की पूरी प्रक्रिया को करीब से देखा। प्रतिभागियों को बिना रासायनिक खाद और कीटनाशकों के प्राकृतिक खेती, फसल प्रबंधन, गुणवत्ता जांच, प्रोसेसिंग और पैकेजिंग की जानकारी दी गई।

फूड लेबल और प्राकृतिक खेती पर हुई संगोष्ठी-

तकनीकी सत्र में प्राकृतिक खेती के अर्थशास्त्र, फूड लेबल की सच्चाई, ग्रामीण उद्यमिता और शुद्ध भोजन जैसे विषयों पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने उपभोक्ताओं को ‘ऑर्गेनिक’ और ‘नेचुरल’ नाम से बिक रहे उत्पादों की सही पहचान करने की सलाह दी। कार्यक्रम में जैविक किसानों ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई।

किसान और उपभोक्ता के बीच सीधा संवाद जरूरी: गौरव त्यागी-

शुद्धग्राम ऑर्गेनिक के संस्थापक गौरव एम. त्यागी ने कहा कि शुद्ध भोजन का भविष्य तभी सुरक्षित रहेगा जब किसान और उपभोक्ता के बीच सीधा संपर्क होगा। उन्होंने कहा कि ‘वाइब्रेंट विलेज’ गांव और शहर के बीच विश्वास और पारदर्शिता का मजबूत सेतु बनेगा।

स्वस्थ समाज की नींव है शुद्ध भोजन: ज्योति त्यागी-

ज्योति त्यागी ने कहा कि बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचने के लिए लोगों को शुद्ध और सुरक्षित भोजन अपनाना होगा। उन्होंने किसान और उपभोक्ता के सीधे संवाद को समय की जरूरत बताया।

कई राज्यों में होगा ‘वाइब्रेंट विलेज’ का विस्तार-

आयोजकों ने घोषणा की कि हापुड़ में मिली सफलता के बाद ‘वाइब्रेंट विलेज’ अभियान का आयोजन हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान समेत देश के अन्य राज्यों में भी चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। इसका उद्देश्य शुद्ध भोजन, आत्मनिर्भर किसानों और समृद्ध ग्रामीण भारत के अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाना है।

यह भी पढ़े- स्टेट हाईवे होंगे गोवंश मुक्त, हर 5 किमी पर बनेगी गोशाला; नई SOP तैयार