IndiGo Flight Emergency Landing: अहमदाबाद से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट (6E-7018) में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 3 साल का बच्चा अचानक बेहोश हो गया। बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए पायलट ने तुरंत मेडिकल इमरजेंसी घोषित की और विमान की सूरत एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई। इसके बाद बच्चे को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
IndiGo Flight Emergency Landing: फ्लाइट में मौजूद दो डॉक्टरों ने संभाला मोर्चा-
जानकारी के मुताबिक, बच्चे की पहचान सौरभ के रूप में हुई है। उड़ान के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। यह देखते ही फ्लाइट में मौजूद दो डॉक्टर तुरंत उसकी मदद के लिए आगे आए और उसे प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की।
IndiGo Flight Emergency Landing: पायलट की सूझबूझ से लिया गया बड़ा फैसला-
डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद जब बच्चे की हालत में सुधार नहीं हुआ, तो पायलट ने बिना देर किए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर मेडिकल इमरजेंसी की जानकारी दी। अनुमति मिलने के बाद विमान को सूरत एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया, जिससे बच्चे को समय पर इलाज मिल सका।
एयरपोर्ट पर पहले से तैयार थी मेडिकल टीम-
मेडिकल इमरजेंसी की सूचना मिलते ही सूरत एयरपोर्ट प्रशासन अलर्ट हो गया। विमान के उतरने से पहले ही CISF, एयरपोर्ट की मेडिकल टीम और इंडिगो की ग्राउंड स्टाफ रनवे पर तैनात थे। विमान के लैंड होते ही डॉक्टर अंदर पहुंचे और बच्चे को प्राथमिक उपचार देने के बाद एम्बुलेंस से निजी अस्पताल भेज दिया गया।
बच्चे का अस्पताल में चल रहा इलाज-
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद बच्चे को सूरत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। समय पर लिए गए फैसले और डॉक्टरों की तत्परता से बच्चे को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकी।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान के हवाई हमलों की दुनियाभर में आलोचना, संयुक्त राष्ट्र ने जताई गंभीर चिंता








