Home » राष्ट्रीय » Jal Jeevan Mission: अयोध्या में बना जल जीवन मिशन का पहला स्किल डेवलपमेंट सेंटर

Jal Jeevan Mission: अयोध्या में बना जल जीवन मिशन का पहला स्किल डेवलपमेंट सेंटर

Jal Jeevan Mission

Jal Jeevan Mission: अयोध्या में जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश का पहला स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित किया गया है। यह केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में कुशल और प्रशिक्षित कार्यबल तैयार करने की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) द्वारा रुदौली विकासखंड के मुजफ्फरपुर-जलालपुर पेयजल योजना परिसर में स्थापित इस केंद्र में अब तक 550 से अधिक कारीगरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इनमें महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही है। यह केंद्र न केवल अयोध्या बल्कि आसपास के जिलों की पेयजल परियोजनाओं को भी मजबूत बना रहा है।

जल जीवन मिशन को मिल रहे प्रशिक्षित कारीगर

इस स्किल डेवलपमेंट सेंटर में फिटर, प्लंबर, राजमिस्त्री और इलेक्ट्रीशियन जैसे विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान पाइप फिटिंग, प्लंबिंग सिस्टम, रिसाव नियंत्रण, सुरक्षा मानकों और गुणवत्ता आधारित कार्य प्रणाली पर विशेष जोर दिया जाता है। केंद्र की खास बात यह है कि इसे एक सक्रिय पेयजल योजना परिसर में स्थापित किया गया है, जिससे प्रशिक्षणार्थियों को व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त हो रहा है। अब तक 22 प्रशिक्षण बैच पूरे हो चुके हैं और प्रत्येक बैच में 25 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया गया है।

Jal Jeevan Mission: गुणवत्ता और सुरक्षा में हुआ बड़ा सुधार

प्रशिक्षित कारीगरों का सीधा लाभ जल जीवन मिशन की परियोजनाओं में दिखाई दे रहा है। पाइप जॉइंटिंग में मानकीकरण से रिसाव की घटनाएं कम हुई हैं, जबकि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और फिनिशिंग में सुधार देखा गया है। सुरक्षा उपकरणों के उपयोग को लेकर भी जागरूकता बढ़ी है। स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित श्रमिक उपलब्ध होने से बाहरी मजदूरों पर निर्भरता कम हुई है और परियोजनाओं की गति तेज हुई है। इससे रखरखाव लागत में कमी आने के साथ जलापूर्ति प्रणाली अधिक विश्वसनीय बन रही है।

महिलाओं की भागीदारी बनी प्रेरणा

इस केंद्र की सबसे सराहनीय पहल महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ना है। अब तक 10 महिलाओं को पंप ऑपरेटर के रूप में प्रशिक्षित किया जा चुका है और उन्हें विभिन्न पेयजल योजनाओं में तैनात किया गया है। गांवों में महिलाएं अब जलापूर्ति व्यवस्था का संचालन कर रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों का भरोसा भी बढ़ा है। ग्रामीण महिलाओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम बताया है।

Jal Jeevan Mission: भविष्य में और मजबूत होगा मॉडल

जल निगम (ग्रामीण) अयोध्या के अधिशासी अभियंता अरविंद यादव ने बताया कि यह केंद्र केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भर और दक्ष कार्यबल तैयार करने की दिशा में एक प्रभावी मॉडल बन चुका है। उन्होंने कहा कि भविष्य में और अधिक प्रशिक्षण बैच संचालित कर इस मॉडल को प्रदेश के अन्य जिलों में भी लागू करने की योजना है। अयोध्या का यह केंद्र अब जल जीवन मिशन के सफल क्रियान्वयन का उदाहरण बनता जा रहा है।

ये भी पढ़ें…पीएम मोदी ने बंगाल हिंसा में जान गंवाने वाले बीजेपी कार्यकर्ताओं के परिजनों से की मुलाकात