Ketan Murder Case: केतन अग्रवाल हत्याकांड में अब एक नया कानूनी विवाद सामने आया है। सिया गोयल का वकील होने का दावा करने वाले एडवोकेट आशुतोष श्रीवास्तव ने सिया के भाई साहिल गोयल को 10 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि साहिल ने मीडिया के सामने झूठे और भ्रामक बयान देकर उनकी पेशेवर प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचाया है।
वकालतनामा वैध होने का दावा
कानूनी नोटिस में एडवोकेट आशुतोष श्रीवास्तव ने कहा है कि सिया गोयल ने विधिवत वकालतनामा पर हस्ताक्षर कर उन्हें अपना कानूनी प्रतिनिधि नियुक्त किया था। उनके अनुसार यह नियुक्ति पूरी तरह वैधानिक प्रक्रिया के तहत हुई और मूल हस्ताक्षरित वकालतनामा सक्षम अदालत में पहले ही दाखिल किया जा चुका है।
Ketan Murder Case: कोर्ट में स्वीकार होने का भी दावा
नोटिस में कहा गया है कि वडगांव मावल कोर्ट ने उनके वकालतनामे को स्वीकार कर रिकॉर्ड पर भी ले लिया है। इसके बावजूद साहिल गोयल ने बिना किसी कानूनी दस्तावेज की पुष्टि किए सार्वजनिक रूप से उनकी नियुक्ति पर सवाल उठाए, जिससे लोगों के बीच गलत संदेश गया कि उन्होंने बिना अधिकार के खुद को वकील बताया।
प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का आरोप
एडवोकेट आशुतोष श्रीवास्तव ने दावा किया कि साहिल गोयल के बयानों के कारण उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग, धमकियां, आपत्तिजनक कॉल और पेशेवर बदनामी का सामना करना पड़ा। नोटिस में इन बयानों को उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया गया है।
Ketan Murder Case: माफी और बयान वापस लेने की मांग
कानूनी नोटिस के जरिए साहिल गोयल से अपने बयान तत्काल वापस लेने, सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगने और भविष्य में इस तरह के आरोप दोबारा नहीं लगाने का लिखित आश्वासन देने की मांग की गई है। ऐसा नहीं होने पर 10 करोड़ रुपये के मानहानि दावे सहित सिविल और अन्य कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
साहिल ने नियुक्ति पर उठाए थे सवाल
यह विवाद सोमवार को अदालत में सुनवाई से पहले शुरू हुआ था, जब साहिल गोयल ने मीडिया से कहा था कि उनके परिवार ने एडवोकेट आशुतोष श्रीवास्तव को कभी अपना वकील नियुक्त नहीं किया। उन्होंने आशंका जताई थी कि सिया गोयल के हस्ताक्षर धोखे से लिए गए हो सकते हैं।
Ketan Murder Case: परिवार ने दूसरे वकील का किया दावा
साहिल गोयल ने स्पष्ट किया कि परिवार की ओर से एडवोकेट विपुल दुशिंग को अधिकृत किया गया है और इस संबंध में अदालत में हलफनामा भी दाखिल किया जा चुका है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि एडवोकेट आशुतोष श्रीवास्तव की ओर से उनके परिवार को धमकियां दी गई हैं।
मुख्य मुकदमे के साथ बढ़ा नया कानूनी विवाद
केतन अग्रवाल हत्याकांड के बीच अब यह मामला आरोपी सिया गोयल के परिवार और खुद को उसका कानूनी प्रतिनिधि बताने वाले अधिवक्ता के बीच अलग कानूनी विवाद का रूप लेता दिखाई दे रहा है।
ये भी पढ़े… SIR विवाद पर INDIA गठबंधन का बड़ा कदम, 23 दलों ने CJI सूर्यकांत को भेजा संयुक्त पत्र







