Home » Breaking News » अहिल्याबाई होल्कर की पुण्यतिथि पर दिग्गजों ने किया नमन, ओम बिरला से अमित शाह तक दी श्रद्धांजलि

अहिल्याबाई होल्कर की पुण्यतिथि पर दिग्गजों ने किया नमन, ओम बिरला से अमित शाह तक दी श्रद्धांजलि

Lokmata Maharani Ahilyabai: लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होल्कर की पुण्यतिथि पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

ओम बिरला ने अहिल्याबाई के कार्यों की प्रशासा की 

ओम बिरला ने अहिल्याबाई होल्कर को लोककल्याण, सुशासन और जनसेवा की प्रेरणादायी मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई ने किसानों, कारीगरों, व्यापारियों और आम नागरिकों के हितों को प्राथमिकता देते हुए मालवा में व्यापार, कृषि और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा दिया। उन्होंने देशभर में मंदिरों, घाटों, कुओं, बावड़ियों और धर्मशालाओं के निर्माण एवं जीर्णोद्धार में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Lokmata Maharani Ahilyabai: रक्षा मंंत्री ने भी किया याद 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने जनकल्याणकारी शासन, अदम्य साहस और कुशल प्रशासन की मिसाल पेश की। काशी विश्वनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार सहित देशभर में धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। उन्होंने महिलाओं और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए।

अमित शाह ने बताया कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य किए

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने मंदिरों के पुनर्निर्माण से लेकर तीर्थस्थलों के विकास तक विरासत संरक्षण में अतुलनीय योगदान दिया। नारी शिक्षा और विधवा विवाह को बढ़ावा देकर उन्होंने महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य किए। जेपी नड्डा ने उन्हें दूरदर्शी, न्यायप्रिय और लोककल्याणकारी शासिका बताते हुए कहा कि उनका जीवन सेवा, त्याग, सादगी और सनातन संस्कृति के संरक्षण की प्रेरणादायी मिसाल है।

Lokmata Maharani Ahilyabai: अहिल्याबाई के कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे- शिवराज 

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अहिल्याबाई होल्कर को नारी शक्ति की प्रतिमूर्ति बताते हुए कहा कि धर्म, न्याय, करुणा और लोककल्याण के लिए उनके कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे। लोकमाता की विरासत को सम्मान देते हुए संसद पुस्तकालय भवन परिसर में उनकी कांस्य प्रतिमा भी स्थापित है। नेताओं ने कहा कि उनका जीवन आज भी सुशासन, जनसेवा, महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की प्रेरणा देता है।

ये भी पढ़े… मॉनसून का बदला मिजाज, कहीं तेज बारिश तो कहीं उमस का असर, जानें आज किन इलाकों में बरसेंगे बादल?